कुलदीप यादव ने पिछले 9 सालों में सिर्फ 18 टेस्ट मैच खेले हैं और 79 विकेट लिए हैं। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में कम मौके मिले हैं और टीम से अंदर- बाहर होते रहे हैं। इस पर अब पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्ये रहाणे ने बात की है। उन्होंने क्या कुछ कहा है पूरा जानिए।
कुलदीप यादव पर क्या बोले अजिंक्ये रहाणे
कुलदीप यादव ने अपना टेस्ट डेब्यू साल 2017 में धर्मशाला में किया था, लेकिन तब से लेकर अब तक उन्हें 9 साल हो गए हैं, फिर भी केवल 18 टेस्ट मैच खेल पाए हैं, जिसमें 79 विकेट हासिल किए हैं। कुलदीप यादव लगातार भारतीय टीम से अंदर बाहर होते रहे हैं। इस पर हाल ही में रिटायरमेंट का ऐलान करने वाले पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्ये रहाणे ने खुलकर बात की है और कहा है कि किसी भी खिलाड़ी के लिए लगातार अंदर- बाहर होना आसान नहीं होता है। उन्होंने कुलदीप को प्रतिभाशाली और मैच विनर खिलाड़ी बताया है।
रहाणे ने इंडियन एक्सप्रेस के आइडिया एक्सचेंज प्रोग्राम में कुलदीप यादव के बारे में बात करते हुए कहा “मुझे लगता है कि कुलदीप ने पिछले चार-पांच सालों में अपने खेल में काफी सुधार किया है। उन्होंने हवा में अपनी गेंद की गति पर काम किया है। प्लेइंग इलेवन में बार-बार अंदर-बाहर होने वाले किसी भी खिलाड़ी के लिए यह मुश्किल होता है, क्योंकि क्रिकेट लय का खेल है, चाहे आप बल्लेबाजी कर रहे हों या गेंदबाजी।”
उन्होंने कुलदीप की तारीफ करते हुए आगे कहा “कुलदीप एक बेहतरीन स्पिनर हैं। इसीलिए मैंने धर्मशाला में उन पर भरोसा जताया था। मुझे पता था कि वो विकेट लेने में माहिर हैं। हालांकि उस समय वो अनुभवी नहीं थे, लेकिन मुझे विश्वास था कि उन्हें उस स्थिति में उतारना फायदेमंद होगा। मुझे भरोसा था कि वो अच्छा प्रदर्शन करेंगे। आपको अपने खिलाड़ियों का साथ देना चाहिए, खासकर जब वे मैच जिताने वाले हों। एक टेस्ट खेलने के बाद अगले चार-पांच टेस्ट में बेंच पर बैठना आसान नहीं होता। लय बहुत जरूरी है, खासकर गेंदबाजों के लिए।”
कुलदीप के प्रदर्शन और अपनी गेंदबाजी पर किए गए सुधारों पर खुशी जाहिर करते हुए अजिंक्ये रहाणे ने कहा “हर दिन गेंद आपके हाथ से एक ही तरह से नहीं निकलती। लगातार खेलने से धीरे-धीरे लय आ जाती है और आप लगातार अच्छा प्रदर्शन कर पाते हैं। कुलदीप के सुधार से मैं बहुत खुश हूं। जब भी उन्हें सफेद गेंद के क्रिकेट में मौका मिला, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।”
कुलदीप को रहाणे ने पहले से कहीं ज्यादा कॉन्फिडेंट बताया। पर्याप्त मौके ना मिलने पर पेश आ रही मुश्किल के बारे में भी बात की। रहाणे ने कहा, “अब वह पहले से कहीं ज्यादा आत्मविश्वासी है। साथ ही, उसके लिए यह मुश्किल भी है क्योंकि उसे लगातार पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.