भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व फील्डिंग कोच ने विराट कोहली की तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि कोहली में फील्डिंग के दौरान एक अलग ही उत्साह नजर आता है और वे प्रैक्टिस में भी इतनी ही मेहनत करते हैं। उनकी मेहनत अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करती है।
विराट कोहली के जोश का कोई सानी नहीं
दिलीप का भारतीय टीम के साथ लगभग पांच साल का कार्यकाल हाल ही में इंग्लैंड दौरे के बाद समाप्त हुआ। उन्होंने अभ्यास और मैच के दौरान जोश और जज्बा बनाए रखने के लिए भी कोहली की सराहना की। दिलीप ने जियोस्टार से कहा, ”जब विराट कोहली की बात आती है, तो उनके जोश का कोई सानी नहीं है। आपने उन्हें पावरप्ले में देखा है, एक बल्लेबाज के रूप में उनका खेल देखा है। चाहे वह कवर पर हों या शॉर्ट मिड-विकेट पर, उनकी फुर्ती और उनकी डाइव का कोई जवाब नहीं है।” उन्होंने कहा, ”पिछली शृंखला में भी वह शानदार डाइव लगा रहे थे और काफी चुस्त दुरुस्त थे। वह खेल में हर समय अपना सब कुछ झोंक देते हैं।” दिलीप ने कहा, ”अपने करियर के इस मोड़ पर भी वह डेथ ओवरों में एक छोर से दूसरे छोर तक दौड़ते हैं। जब फील्डिंग फैली होती है तो सर्कल से बाहर निकलने वाले वह पहले खिलाड़ी होते हैं। टीम के लिए ऐसा करना शानदार है।”
कम से कम पांच अन्य खिलाड़ियों को भी करते हैं प्रेरित
दिलीप ने कहा कि कोहली के इस जोश का अन्य खिलाड़ियों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।उन्होंने कहा, ”विराट कोहली के लिए अभ्यास सत्र और मैच में ज्यादा फर्क नहीं होता। बात सिर्फ विराट की नहीं है, बल्कि उन पांच अन्य खिलाड़ियों की भी है जिन्होंने विराट कोहली के साथ फील्डिंग करते हुए अपनी सीमाओं को पार किया है। यही उनका टीम पर प्रभाव है।” दिलीप के भारत के फील्डिंग कोच के रूप में कार्यकाल में 2024 टी20 विश्व कप में टीम की जीत शामिल थी, जिसे उन्होंने अपने कार्यकाल का सबसे अच्छा क्षण बताया। उन्होंने कहा, ”अगर मैं अपने सबसे बेहतरीन पल को याद करूं, तो मुझे बारबाडोस 2024 याद आता है, न सिर्फ ट्रॉफी, बल्कि उसके बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल। मैं उस पल को हमेशा अपने मन में संजोकर रखूंगा।”
बता दें कि विराट कोहली टीम इंडिया के लिए अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने साल 2025 में ही संन्यास ले लिया था। 2024 टी-20 विश्व कप जीतने के बाद कोहली ने फाइनल मुकाबले में रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। टी-20 विश्व कप के फाइनल में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। विराट कोहली वनडे फॉर्मेट में अच्छी लय दिखा रहे हैं और उन्हें 2027 विश्व कप के लिए टीम में चुना जा सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.