केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि अगर सबसे वरिष्ठ पार्टी नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने का सिद्धांत लागू किया जाता है तो कई राज्यों में 90 साल से अधिक उम्र के मुख्यमंत्री होंगे। सतीशन यहां एक मीडिया कार्यक्रम में सवालों का जवाब दे रहे थे। उनसे पूछा गया था कि क्या राज्य के शीर्ष पद को लेकर उनके, कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला के बीच कोई “जंग” थी।
कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने के बाद तीनों नेताओं के समर्थकों की ओर से सड़कों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाने और सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाए जाने से मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर तनाव की स्थिति बन गयी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वेणुगोपाल व चेन्निथला दोनों उनसे वरिष्ठ हैं और कांग्रेस में कई अन्य नेता भी हैं, जिनमें राज्य का नेतृत्व करने की क्षमता है। सतीशन ने कहा, “वेणुगोपाल मुझसे दो-तीन साल बड़े हैं, लेकिन चेन्निथला मुझसे काफी अधिक वरिष्ठ हैं।
कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार हैं। पार्टी में ऐसे कई नेता हैं, जिनमें मुख्यमंत्री बनने की क्षमता है। कई नेता मुझसे वरिष्ठ हैं।
मैं यह नहीं कह रहा कि इस पद के लिए केवल मैं ही योग्य था।”
उन्होंने कहा, “लेकिन अगर सभी दल सबसे वरिष्ठ नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने के सिद्धांत का पालन करने लगें तो कई राज्यों में 90 वर्ष से अधिक उम्र के मुख्यमंत्री होंगे। यहां केरलम में ए.के. एंटनी 36 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने थे। वह 32 साल की उम्र में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी बने थे।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह जनता, कांग्रेस के सहयोगी दलों और सोशल मीडिया पर पसंद किये जाने के कारण मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने कहा, “मैं पार्टी की पसंद था।”
यूडीएफ द्वारा चुनाव जीतने के बाद सरकार बनाने में अधिक समय लगने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीत गठबंधन ने सरकार बनाने में केवल 10 दिन लिए।
उन्होंने कहा, “कई राज्यों में इससे अधिक समय लगा है। पिछली बार एलडीएफ को मुख्यमंत्री तय करने में 16 दिन लगे थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.