UPSC CSE Mains: UPSC ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, स्मार्टवॉच और डिजिटल गैजेट्स पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। जानिए परीक्षा के दिन क्या करें और क्या न करें।
परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित वस्तुएं
आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि परीक्षा हॉल में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना सख्त मना है। यदि किसी अभ्यर्थी के पास ये चीजें पाई जाती हैं, तो उनका आवेदन रद्द किया जा सकता है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, पेन ड्राइव, हेल्थ बैंड और पेजर आदि।
अतिरिक्त सामग्रियां: किसी भी तरह की किताबें, नोट्स, ढीले कागज, कैलकुलेटर (जब तक कि विशेष रूप से अनुमति न दी गई हो) या बैग।
कीमती सामान: महंगी घड़ियां, आभूषण या अत्यधिक नकदी। आयोग परीक्षा केंद्र पर किसी भी निजी सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं लेता है।
परीक्षा के दिन ध्यान रखने योग्य जरूरी बातें
एडमिट कार्ड और फोटो आईडी कार्ड: अभ्यर्थियों को अपने साथ ‘ई-एडमिट कार्ड’ का साफ प्रिंटआउट और आवेदन फॉर्म में दर्ज किया गया ओरिजनल फोटो आईडी कार्ड (जैसे- आधार कार्ड, पैन कार्ड, या पासपोर्ट) ले जाना अनिवार्य है।
समय का विशेष ध्यान: परीक्षा हॉल में प्रवेश परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में किसी अभ्यर्थी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
घड़ी की अनुमति: केवल साधारण एनालॉग कलाई घड़ी पहनने की अनुमति है। डिजिटल या स्मार्टवॉच पहनकर जाना पूरी तरह वर्जित है।
काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन: उत्तर पुस्तिकाओं और अटेंडेंस शीट को भरने के लिए अभ्यर्थियों को काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग करना होगा। किसी अन्य रंग के पेन या पेंसिल का प्रयोग मान्य नहीं होगा।
आंसर बुकलेट (QCA) से जुड़े जरूरी नियम
सभी प्रश्नों के उत्तर केवल आयोग द्वारा दी गई Question-cum-Answer (QCA) बुकलेट में ही लिखने होंगे। खाली पन्नों और खाली छोड़ी गई जगह को कलम से काटकर/क्रॉस करके छोड़ना अनिवार्य है। हर सत्र के बाद बुकलेट (क्वेश्चन पेपर अलग करके) इन्विजिलेटर को जमा करनी होगी। एडमिट कार्ड या एक्स्ट्रा शीट्स पर रफ वर्क करने पर सख्त कार्रवाई होगी।
यूपीएससी की मेंस परीक्षा में शामिल होने वाले सभी उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर पूरी गाइडलाइंस को डाउनलोड कर एक बार ध्यान से पढ़ लें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना सुनिश्चित करें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.