उत्तर प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) 2022 अंग्रेजी में 33 गलत प्रश्न का मामला शांत भी नहीं पड़ा था कि इसी भर्ती के हिंदी और संस्कृत विषयों के प्रश्नपत्र में गलत प्रश्नों का विवाद शुरू हो गया है।
याचिकाकर्ताओं का दावा
याचिकाकर्ताओं का दावा है कि छह जून को जारी उत्तरकुंजी में चयन आयोग के विशेषज्ञों ने प्रश्नसंख्या 44 ‘पुनरुक्ति दोष किस श्रेणी का दोष है।’ का सही जवाब ‘अर्थ दोष’ माना था। हालांकि 28 जुलाई को जारी संशोधित उत्तरकुंजी में सही उत्तर ‘वाक्य दोष’ माना है।
एनसीईआरटी किताब का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों ने दावा किया है कि दोष तीन प्रकार के होते हैं शब्द दोष, अर्थ दोष और रस दोष, इसलिए सही जवाब ‘अर्थ दोष’ होना चाहिए। एक अन्य पुस्तक श्रीमन्मम्मटाचार्यविरचित: में पुनरुक्तत्व को अर्थदोष माना गया है।
इसके अलावा संस्कृत की उत्तरकुंजी को लेकर भी भुवनेश्वर प्रसाद पांडेय की ओर से याचिका हुई है। हाईकोर्ट ने दोनों मामलों में चयन आयोग से जवाब मांगा है। निर्देश दिया है कि इस दौरान सीट आवंटन न किया जाए।
फाइलों और मुकदमों में फंसा चयन आयोग
चुनावी साल में ताबड़तोड़ परीक्षा कराने के साथ परिणाम दे रहे शिक्षा सेवा चयन आयोग की रफ्तार इन दिनों फाइलों और मुकदमों में सुस्त हो गई है। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजे गए असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों पर भर्ती का विज्ञापन इसलिए जारी नहीं हो रहा है क्योंकि विषयों की समकक्षता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी प्रकार टीजीटी, पीजीटी, प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के 23,899 पदों का विज्ञापन भी अर्हता को लेकर फाइलों से बाहर नहीं निकल पा रहा है। वहीं दूसरी ओर असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड और टीजीटी भर्ती के विवाद हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण चयन प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
टीजीटी-पीजीटी भर्ती में कंप्यूटर साइंस के पद सृजित करने की मांग
हाल ही में कंप्यूटर साइंस विषय के अभ्यर्थियों ने आगामी टीजीटी-पीजीटी 2026 शिक्षक भर्ती में कंप्यूटर साइंस के पद सृजित करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय में ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने कहा कि विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा की जरूरत लगातार बढ़ रही है, लेकिन विषय के योग्य अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त शिक्षण पद उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आगामी भर्ती विज्ञापन में कंप्यूटर साइंस विषय को शामिल कर पर्याप्त संख्या में पद सृजित करने की मांग की।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.