टीवीएस ने मार्वल के साथ अपनी साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए अपनी पॉपुलर बाइक राइडर 125 का नया ‘सुपर स्क्वाड एडिशन’ लॉन्च कर दिया है। इस बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 95,320 रुपये रखी गई है।
कुछ ऐसी दिखेगी बाइक
अगर इसके लुक और डिजाइन की बात करें तो टीवीएस राइडर डॉक्टर डूम एडिशन में बहुत ही खास ‘स्पेक्ट्रल ग्रीन’ कलर थीम दी गई है। इसमें आपको हरे रंग के अलग-अलग शेड्स जैसे डार्क ग्रीन, लाइट ग्रीन और फ्लोरोसेंट ग्रीन का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है। बाइक पर की गई स्ट्रिपिंग और उस पर सफेद रंग के हाइलाइट्स इसके स्पोर्टी लुक को और बढ़ा देते हैं। इसके अलावा बाइक के फ्यूल टैंक की दोनों तरफ डॉक्टर डूम का आइकॉनिक मास्क वाला चेहरा बना हुआ है, जो सड़क पर चलते समय लोगों का ध्यान तुरंत अपनी ओर खींचता है।
फैंस के लिए बड़ा सरप्राइज
टीवीएस ने इस खास एडिशन की पहली झलक ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान दिखाई थी। थिएटर में फिल्म खत्म होने के बाद पोस्ट-क्रेडिट सीक्वेंस में इसका टीजर दिखाया गया था। मार्वल की फिल्मों की तरह ही ऐसा टीजर दिखाना फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज था। कंपनी का मुख्य मकसद इस तरह के अनोखे कलर और ग्राफिक्स के जरिए युवाओं से सीधे जुड़ना है। यह नया कलर थीम बाइक को एक अलग पहचान देता है, जिससे रोजमर्रा की ड्राइविंग और भी मजेदार और स्टाइलिश बन जाती है।
फीचर्स भी हैं शानदार
फीचर्स के मामले में यह नया एडिशन बेहद एडवांस्ड है। इसमें रिवर्स मल्टीकलर एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जो 85 से भी ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स को सपोर्ट करता है। इसमें आपको टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, लो फ्यूल अलर्ट, कॉल और मैसेज नोटिफिकेशन जैसे फीचर्स मिलते हैं। राइडर वॉइस कमांड के जरिए भी कई फंक्शन इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा, बाइक में iGO असिस्ट तकनीक दी गई है, जो पिकअप को और बेहतर बनाती है। ट्रैफिक में आसानी से चलने के लिए ग्लाइड थ्रू ट्रैफिक (GTT) और साइलेंट स्टार्ट जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
दमदार है बाइक का पावरट्रेन
परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 124.8cc का एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 11.38bhp की पावर और 11.2Nm का टॉर्क देता है। iGO असिस्ट तकनीक की मदद से इसका टॉर्क बढ़कर 11.75Nm हो जाता है। बाइक में 5-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। यह महज 5.8 सेकंड में 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। सुरक्षा के लिए फ्रंट में 240 mm का डिस्क ब्रेक, सिंक्रोनाइज्ड ब्रेकिंग टेक्नोलॉजी (SBT) और इंजन कट-ऑफ के साथ साइड स्टैंड इंडिकेटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.