टीवी के पसंदीदा शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में जबरदस्त ड्रामा, बड़े ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज इमोशन्स देखने को मिलने वाले हैं. कहीं रिश्तों की नई परीक्षा होगी, तो कहीं छिपे राज कहानी को पूरी तरह बदल देंगे. किसी की धमाकेदार एंट्री होगी, तो कोई ऐसा फैसला लेगा जो सबको चौंका देगा. आइए जानते हैं 5 बड़े टीवी शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में क्या-क्या होने वाला है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के शो ‘अनुपमा’ में कुकिंग कॉम्पटीशन का सेमीफाइनल रोमांचक होने वाला है. जजेस सभी टीमों को आंखों पर पट्टी बांधकर खाना बनाने का मुश्किल टास्क देंगे. साथ ही, विरोधी टीमों को एक-दूसरे की सामग्री बदलने का मौका भी मिलेगा. इसी बीच डांस राउंड में राही और अनुपमा आमने-सामने नजर आएंगी, जबकि अंश को प्रेम और प्रेरणा के रिश्ते से जुड़ा एक बड़ा सच पता चलेगा, जिससे वो हैरान रह जाएगा.
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ में चौहान हाउस में वसुधा का बहू के रूप में गृह-प्रवेश होगा. चंद्रिका देवी जब उसे घर की चाबियां सौंपेंगी, तो वसुधा उन्हें लेने से इनकार कर देगी और कहेगी कि इस घर की असली मालकिन हमेशा मासा ही रहेंगी. वहीं, संतोष को दोनों पर शक होगा और वो पूछेगी कि क्या वो कोई बड़ा सच छिपा रहे हैं. दादी सा की तबीयत को देखते हुए वसुधा और चंद्रिका झूठ बोलकर बात संभालेंगे, लेकिन बढ़ते तनाव के बीच वसुधा चौहान हाउस छोड़ने का बड़ा फैसला लेगी.
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के पॉपुलर शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में ढाबे में लगी आग के बाद सिद्धू असली गुनहगार की तलाश में जांच करेगा. वहीं, भवानी देवी स्नेहा पर कोर्ट केस वापस लेने का दबाव बनाएगी, लेकिन स्नेहा अपनी मां गंगा माई को इंसाफ दिलाने के लिए डटी रहेगी. दूसरी ओर, गंगा माई की बेटियां उनके लिए नई ‘ठेला रसोई’ शुरू करेंगी. इसी बीच कौशल्या, कुसुम को सहाना पर हाथ उठाने से रोकेगी, जबकि आने वाले एपिसोड में सिद्धू को ऐसे सबूत मिलेंगे जो ठकुराइन की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: ‘जन नायकन’ ने तोड़े विजय की 5 बड़ी फिल्मों के ऑल टाइम रिकॉर्ड्स
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ में एक सीक्रेट पोस्टकार्ड वर्धन परिवार में बड़ा बवाल मचाने वाला है. झेंडे के हाथ लगा पोस्टकार्ड आर्यवर्धन पढ़ते ही चौंक जाएगा और हर हाल में उससे जुड़ी जगह पर जाने की जिद्द करेगा. दूसरी ओर, मीरा मानसी के सामने खुलासा करेगी कि यशवर्धन से शादी का उसका मकसद प्यार नहीं, बल्कि अनु को हमेशा के लिए आर्यवर्धन और उसके परिवार से दूर करना है. वहीं, आर्य के बदले व्यवहार और झेंडे की घबराहट देखकर अनु को भी एहसास होगा कि उससे कोई बड़ा सच छिपाया जा रहा है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में विरानी परिवार की खुशियों के बीच सबसे बड़ी दुश्मन तृप्ति विरानी की धमाकेदार एंट्री होने वाली है. शादी के जश्न के बीच तृप्ति को देखकर पूरा परिवार हैरान रह जाएगा. 18 साल बाद उसका सामना तुलसी से होगा और दोनों के बीच पुरानी दुश्मनी फिर भड़क उठेगी. दूसरी ओर, तुलसी अब भी मिहिर की चिट्ठी के झूठ से अनजान है, जबकि करण ने उसका असली सच छिपाया हुआ है. वहीं, तृप्ति करण और गौतम के बीच बढ़ती दूरियों का फायदा उठाकर विरानी परिवार को तोड़ने की नई साजिश रचती नजर आएगी.
यह भी पढ़ें: ‘सुनीता ने बहुत सहा…’, को-एक्ट्रेस का दावा- करिश्मा कपूर के बेहद करीब थे गोविंदा
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.