किआ आने वाले कुछ सालों में इंडियन मार्केट में कई नई Strong Hybrid कारों को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें सेल्टॉस, सोरेन्टो, कार्निवल, कारेन्स और सॉनेट जैसी पॉप्युलर गाड़ियां शामिल हैं। आइए जानते हैं डीटेल।
किआ सेल्टॉस हाइब्रिड
किआ ने हाल ही में नई जनरेशन सेल्टॉस को लॉन्च किया है। अब कंपनी अगले साल इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन भी मार्केट में लाने की तैयारी कर रहा है। माना जा रहा है कि इसे नई हुंडई क्रेटा के लॉन्च के बाद लॉन्च किया जाएगा। नई सेल्टॉस हाइब्रिड में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलने की उम्मीद है। डिजाइन और फीचर्स में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे। हालांकि, बैटरी पैक की वजह से बूट स्पेस थोड़ा कम हो सकता है।
किआ सोरेन्टो हाइब्रिड
किआ सोरेन्टो हाइब्रिड भारत में कंपनी की पहली स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड SUV हो सकती है। सोरेन्टो पहले से ही कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बिकती है, लेकिन भारत के लिए कंपनी इसमें अलग हाइब्रिड पावरट्रेन देने की तैयारी कर रही है। ग्लोबल मॉडल में जहां 1.6-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलता है, वहीं भारत में इसके 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आने की संभावना है।
किआ कार्निवल हाइब्रिड
किआ की प्रीमियम एमपीवी कार्निवल का मौजूदा मॉडल 2024 में भारत आया था और फिलहाल इसमें केवल 2.2-लीटर डीजल इंजन मिलता है। कंपनी पहले ही इशारा कर चुकी है कि 2030 तक कार्निवल को हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया जाएगा। इंटरनेशनल मार्केट में कार्निवल 1.6-लीटर हाइब्रिड इंजन के साथ उपलब्ध है। हालांकि, भारत में इसे वही इंजन मिलेगा या फिर नया 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल हाइब्रिड पावरट्रेन इसके बारे में अभी पक्के तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता।
किआ कारेन्स
किआ की दमदार 7-सीटर एमपीवी कारेन्स का हाइब्रिड मॉडल भी आ सकता है। फिलहाल कारेन्स भारतीय बाजार में पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक (EV) ऑप्शन में उपलब्ध है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका हाइब्रिड वर्जन 2029 तक लॉन्च किया जा सकता है। इसमें वही 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन मिलने की उम्मीद है, जो सेल्टॉस हाइब्रिड और नई क्रेटा हाइब्रिड में भी इस्तेमाल होगा।
किआ सॉनेट हाइब्रिड
किआ अपनी एंट्री-लेवल एसयूवी सॉनेट के लिए भी हाइब्रिड टेक्नोलॉजी पर काम कर रही है। कंपनी नेक्स्ट जनरेशन सॉनेट को 2027 में लॉन्च कर सकती है। नई सॉनेट में नया एक्सटीरियर डिजाइन, ज्यादा मॉडर्न फीचर्स और सिरोस वाले प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल होने की संभावना है। मौजूदा नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल, टर्बो-पेट्रोल और टर्बो-डीजल इंजन के अलावा कंपनी इसके लिए स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन भी डिवेलप कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार 2028-29 तक Sonet Hybrid भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
