गर्मियों में पौधे क्यों हो जाते हैं कमजोर
गर्मी के मौसम में तापमान काफी बढ़ जाता है. तेज धूप की वजह से मिट्टी जल्दी सूखने लगती है और पौधों की जड़ों तक पर्याप्त नमी नहीं पहुंच पाती. इसके अलावा तेज हवा भी मिट्टी की नमी को जल्दी खत्म कर देती है. ऐसी स्थिति में अगर पौधों को सही देखभाल न मिले, तो पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, फूल झड़ जाते हैं और कई बार पौधा पूरी तरह सूख भी सकता है. इसलिए गर्मियों में गार्डनिंग के कुछ खास नियम अपनाना बहुत जरूरी होता है.
सही तरीके से पानी देना है सबसे जरूरी
जड़ों तक पहुंचे पानी
गर्मियों में पौधों को पानी देना सबसे अहम काम होता है. कई लोग जल्दी-जल्दी में ऊपर से थोड़ा पानी डालकर छोड़ देते हैं, लेकिन ऐसा करने से मिट्टी का सिर्फ ऊपरी हिस्सा ही गीला होता है, जबकि जड़ों तक नमी नहीं पहुंच पाती. गार्डनिंग विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि जब भी पौधों को पानी दें, तो इतना पानी डालें कि गमले के नीचे से थोड़ा पानी बाहर निकलने लगे. इससे यह सुनिश्चित हो जाता है कि पानी जड़ों तक पहुंच चुका है और पौधा सही तरह से हाइड्रेट हो रहा है.
मल्चिंग से मिट्टी में बनी रहती है नमी
कोकोपीट या सूखे पत्तों का करें इस्तेमाल
मल्चिंग एक ऐसा तरीका है जो गर्मियों में पौधों के लिए काफी मददगार साबित होता है. इसमें गमले की मिट्टी के ऊपर एक परत बिछा दी जाती है, जिससे मिट्टी की नमी जल्दी खत्म नहीं होती. इसके लिए कोकोपीट सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है. यह पानी को काफी देर तक अपने अंदर रोककर रखता है, जिससे पौधों को लंबे समय तक नमी मिलती रहती है, अगर कोकोपीट उपलब्ध न हो, तो सूखे पत्तों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
बड़े पेड़ों की छाया में रखें छोटे पौधे
छनकर आने वाली धूप होती है बेहतर
अगर आपके गार्डन में बड़े पेड़ मौजूद हैं, तो उनका सही इस्तेमाल किया जा सकता है. छोटे पौधों को ऐसे पेड़ों के नीचे रखने से उन्हें हल्की-हल्की धूप मिलती रहती है और तेज धूप से भी बचाव हो जाता है.
गार्डनिंग करने वाले कई लोग इस तरीके को काफी कारगर मानते हैं. इससे पौधों को पर्याप्त रोशनी भी मिलती है और गर्मी का असर भी कम पड़ता है.
ग्रीन नेट या हल्की छाया का करें इंतजाम
तेज धूप से बचाने के लिए ग्रीन नेट भी काफी उपयोगी माना जाता है. ग्रीन नेट लगाने से पौधों पर सीधे धूप नहीं पड़ती और तापमान थोड़ा कम बना रहता है, अगर ग्रीन नेट उपलब्ध न हो, तो भी पौधों को ऐसी जगह रखा जा सकता है जहां धूप थोड़ी छनकर आती हो. इससे पौधे गर्मी में भी बेहतर तरीके से बढ़ते रहते हैं.
गार्डन में पानी का बर्तन रखने से बढ़ती है नमी
गर्मी में वातावरण की नमी भी पौधों के लिए काफी मायने रखती है. इसके लिए गार्डन में किसी कोने में पानी से भरा एक बर्तन रखा जा सकता है. धीरे-धीरे जब पानी भाप बनकर उड़ता है, तो आसपास के माहौल में नमी बढ़ जाती है. इस वजह से पौधों को एक बेहतर वातावरण मिलता है और उनकी ग्रोथ पर भी सकारात्मक असर पड़ता है.
थोड़ी देखभाल से बदल सकता है पूरा गार्डन
गर्मी के मौसम में पौधों की हालत खराब होना आम बात है, लेकिन अगर समय पर सही कदम उठाए जाएं तो इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है. सही पानी देना, मल्चिंग करना, छाया का इंतजाम और वातावरण में नमी बनाए रखना-ये कुछ छोटे-छोटे तरीके हैं जो आपके गार्डन को गर्मियों में भी हरा-भरा बनाए रख सकते हैं. थोड़ी सी नियमित देखभाल से आपके पौधे न सिर्फ सुरक्षित रहेंगे, बल्कि फल और फूल भी बेहतर देंगे.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.