Bhindi Sabji Special Trick Recipe: कई लोगों को भिंडी की सब्जी काफी पसंद होती है. इसकी हल्की कुरकुरी बनावट और खास स्वाद खाने का मजा ही बढ़ा देती है. मगर, इसकी चिपचिपाहट अक्सर लोगों को परेशान कर देती है. यह सीधे भिंडी की बनावट ही बिगाड़ देती है. इसलिए आज हम आपके लिए कुछ ऐसी ट्रिक्स लाएं हैं, जिससे आप लाजवाब स्वाद से भरपूर परफेक्ट भिंडी बना सकेंगे.
भिंडी बनाने से पहले उसको सही तरीके से धो लेना चाहिए. भिंडी को अच्छी तरह धोने के बाद उसे तुरंत काटना नहीं चाहिए. अगर भिंडी में पानी रह जाएगा, तो पकाते समय उसकी चिपचिपाहट कई गुना बढ़ सकती है. इसलिए भिंडी को धोने के बाद कुछ देर खुली हवा में रखें या साफ कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें.

भिंडी काटते समय छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी है. कई लोग जल्दी में गीले चाकू या कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल कर लेते हैं, जिससे भिंडी का चिपचिपा रस ज्यादा निकलने लगता है. ध्यान रखें चाकू और कटिंग बोर्ड दोनों पूरी तरह सूखे हों. सूखे बर्तन और औजारों से भिंडी काटने पर उसकी प्राकृतिक बनावट बनी रहती है और चिपचिपाहट कम होती है.

बलिया निवासी बुजुर्ग विद्यावती देवी के अनुसार, भिंडी की सब्जी बनाते समय हल्की खटास का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आप सब्जी में थोड़ा सा नींबू का रस या अमचूर पाउडर डाल देते हैं, तो भिंडी की चिपचिपाहट काफी कम हो जाती है. खटास भिंडी के चिपचिपे तत्व को कंट्रोल करती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कई घरों में भिंडी बनाते समय थोड़ा सा सिरका डाला जाता है. यह तरीका भी काफी असरदार होता है. सिरका भिंडी के अंदर मौजूद चिपचिपे तत्व को बाहर निकालने में मददगार है. हालांकि, इसकी मात्रा बहुत ज्यादा नहीं होनी चाहिए, वरना सब्जी का स्वाद बदल सकता है. बस एक छोटी चम्मच सिरका भी भिंडी की बनावट को बेहतर रूप दे सकता हैं.

भिंडी की चिपचिपाहट पर उसको पकाने का तरीका भी बड़ा असर डालता है. अगर भिंडी को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाया जाए, तो उसमें से ज्यादा चिपचिपाहट निकलने लगती है. इसलिए सबसे अच्छा तरीका है कि कढ़ाई में तेल पहले अच्छी तरह गर्म कर लें और फिर भिंडी डालें. तेज आंच पर हल्का भूनने से भिंडी जल्दी पकती है और कुरकुरी भी रहती हैं.

हालांकि, कुछ लोग भिंडी की सब्जी में थोड़ा सा बेसन भी मिलाते हैं. यह तरीका खासतौर पर सूखी भिंडी बनाने में बहुत उपयोगी है. बेसन भिंडी की अतिरिक्त नमी और चिपचिपेपन को सोख लेता है. इससे सब्जी ज्यादा सूखी, स्वादिष्ट और देखने में भी आकर्षक लगती है. यहीं नहीं, बेसन का हल्का स्वाद सब्जी को एक अलग ही लाजवाब स्वाद देती हैं.

आप भी उक्त आसान टिप्स को अपनाकर भिंडी की चिपचिपाहट से छुटकारा पा सकते है. सही तरीके से बनाई गई भिंडी न केवल देखने में अच्छी लगती है, बल्कि उसका स्वाद भी कई गुना बढ़ जाता है. थोड़ी सी सावधानी और सही तरीका से आप भी घर पर होटल जैसी कुरकुरी और लाजवाब भिंडी की सब्जी तैयार कर सकते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.