5 सितंबर 2026 तक मार्केट में एक के बाद एक तीन बेहतरीन गाड़ियों की एंट्री होने वाली है। इनमें मारुति सुजुकी बलेनो के फेसलिफ्ट के साथ किआ सोरेन्टो और JSW MG Motor India की हेक्टर हॉक ईवी शामिल हैं।
MG Hector Hawk EV
JSW MG Motor India अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी एमजी हेक्टर हॉक ईवी को 26 अगस्त को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी पहले ही इस एसयूवी का टीजर रिलीज कर चुकी है। ऑफिशियल TVC शूट के दौरान इसका बिना कवर वाला मॉडल भी देखा जा चुका है। यह एसयूवी इंटरनैशनल मार्केट में बिकने वाली Wuling Starlight 560 EV से काफी मिलती-जुलती होगी। हालांकि, इसमें Wuling की जगह MG की ब्रैंडिंग मिलेगी। इसमें 69.2kWh बैटरी पैक के साथ फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलने की उम्मीद है। यह सेटअप करीब 204 PS की पावर और 310 Nm का टॉर्क दे सकता है। इसकी रेंज करीब 530 km हो सकती है। एसयूवी में DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है।
Kia Sorento
किआ इंडिया अपनी नई फ्लैगशिप ICE एसयूवी सोरेन्टो को 4 सितंबर को भारत में लाने की तैयारी कर रही है। यह भारत में किआ की सबसे बड़ी ICE SUV होगी। खास बात यह है कि सोरेन्टो के साथ किआ भारतीय बाजार में हाइब्रिड एसयूवी सेगमेंट में भी एंट्री करेगी। इसके पावरट्रेन लाइनअप में 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन शामिल होने की उम्मीद है। यह इंजन करीब 238 PS और 380 Nm का आउटपुट दे सकता है। इसके अलावा 2.2-लीटर डीजल इंजन भी मिलेगा, जो करीब 202 PS की पावर और 441 Nm का टॉर्क जेनरेट कर सकता है। हाइब्रिड वर्जन को FWD और AWD दोनों ऑप्शन के साथ ऑफर किए जाने की उम्मीद है, जबकि डीजल इंजन के साथ FWD सेटअप मिल सकता है।
Maruti Suzuki Baleno Facelift
मारुति सुजुकी भी 5 सितंबर को अपनी पॉप्युलर प्रीमियम हैचबैक बलेनो का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर सकती है। फेसलिफ्ट में मौजूदा सेकेंड जेनरेशन बलेनो का लुक बरकरार रहेगा, लेकिन एक्सटीरियर और फीचर्स में कई बदलाव किए जाएंगे। फ्रंट में स्लिम ग्रिल, हेडलैंप्स को जोड़ने वाला नया हॉरिजॉन्टल क्रोम एलिमेंट और नया डिजाइन किया हुआ बंपर मिलने की उम्मीद है। कार में नए 16-इंच अलॉय व्हील भी दिए जा सकते हैं।
केबिन और फीचर्स में भी अपडेट मिलने की संभावना है। मेकैनिकली बलेनो फेसलिफ्ट में मौजूदा 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है, जो करीब 88 bhp और 113 Nm का आउटपुट देता है। इसके साथ मैनुअल और AMT गियरबॉक्स ऑप्शन मिलते रहेंगे। फैक्ट्री-फिटेड CNG वर्जन को भी लाइनअप में ऑफर किए जाने की उम्मीद है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.