टाटा की इलेक्ट्रिक एसयूवी – हैरियर ईवी ने एक ग्राहक को काफी परेशान किया। गाड़ी खरीदने के कुछ दिन बाद इसमें समस्या आने लगी। ग्राहक की शिकायत पर कंज्यूमर कोर्ट ने डीलरशिप के खिलाफ कड़ा ऐक्शन लिया है।
खरीदने के कुछ दिन बाद ही शुरू हुई परेशानी
एसयूवी की डिलीवरी के कुछ ही दिनों बाद इसमें स्टार्ट होने, स्मार्ट-की और सेंट्रल लॉकिंग से जुड़ी दिक्कतें आने लगीं। ग्राहक के मुताबिक, एक महीने के अंदर ही उसे इसी समस्या के लिए गाड़ी को चार बार सर्विस सेंटर ले जाना पड़ा। ग्राहक ने यह भी कहा कि गाड़ी कई बार चलते-चलते बीच रास्ते में भी रुक गई।
रिपेयर के बाद भी दूर नहीं हुई गड़बड़ी
डीलर ने शुरुआती में इस समस्या को सॉफ्टवेयर की गड़बड़ी बताया और बाद में सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम को वारंटी में बदला भी गया। हालांकि, शिकायतकर्ता के मुताबिक रिपेयर के बाद भी समस्याएं खत्म नहीं हुईं। मामले की सुनवाई के दौरान आयोग ने कार के जॉब कार्ड और सर्विस हिस्ट्री की जांच की। रिकॉर्ड में स्मार्ट-की, सेंट्रल लॉकिंग, स्टार्ट होने और ड्राइव मोड से जुड़ी समस्याओं की बार-बार शिकायत दर्ज थी।
10% डेप्रिसिएशन काटकर मिलेगा रिफंड
कंज्यूमर कमीशन ने माना कि बार-बार शिकायत और रिपेयर के बावजूद प्रॉब्लम का बना रहना सर्विस में कमी है। कमीशन ने टाटा सेलेक्ट मोटर्स को कार वापस लेने और 26,64,761.90 रुपये की कार की कीमत में से 10 प्रतिशत डेप्रिसिएशन काटकर बाकी रकम लौटाने का आदेश दिया है। साथ ही डीलर ग्राहक को मानसिक परेशानी और आर्थिक नुकसान के लिए 50 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के तौर पर 15 हजार रुपये भी देगा। डीलर को इस आदेश का पालन 45 दिनों के अंदर करना होगा। अगर तय समय में ग्राहक को भुगतान नहीं किया जाता है, तो आदेश की तारीख से अमाउंट पर 9 प्रतिशत ऐनुअल इंटरेस्ट देना होगा। इसके अलावा ग्राहक को गाड़ी वापस करने और उसके रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया में सहयोग करने को कहा गया है।
बताते चलें कि टाटा अपने ईवी पोर्टफोलियो को एक्सपैंड करने पर लगातार काम कर रही है। कंपनी की अगली इलेक्ट्रिक एसयूवी सफारी ईवी हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इसे इस फेस्टिव सीजन में मार्केट में लॉन्च कर सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.