सुनील नरेन ने कैरेबियन प्रीमियर लीग के दौरान एक बड़ा कमाल किया। उन्होंने अपने टी20 करियर में 650 विकेट पूरे किए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले मात्र दूसरे गेंदबाज ही बने हैं। आइए जानते हैं नंबर-1 कौन है।
राशिद खान नंबर-1
नरेन ने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर जॉन कैंपबेल (17 गेंदों पर 27 रन) को आउट करके 650 T20 विकेट पूरे किए। अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान इस फॉर्मेट में 650 या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज थे। वह अभी T20s में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, उन्होंने 547 मैचों में 736 विकेट लिए हैं।
टॉप-5 में एक 47 साल का खिलाड़ी
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाजों की बात करें तो यहां 47 साल के इमरान ताहिर भी मौजूद हैं। ताहिर ने अपनी फिटनेस से बताया है कि आप क्रिकेट किसी भी उम्र में खेल सकते हैं, बस आपके अंदर जुनून होना चाहिए। इमरान ताहिर 582 विकेट के साथ टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं। टॉप-5 में अन्य दो गेंदबाज वेस्टइंडीज के ही ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल हैं।
राशिद खान- 736
सुनील नरेन- 650
ड्वेन ब्रावो- 631
इमरान ताहिर- 582
आंद्रे रसेल- 535
अगर बात टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज की करें तो यह रिकॉर्ड लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल के नाम है। चहल टी20 क्रिकेट में अभी तक कुल 396 विकेट चटका चुके हैं और वह लिस्ट में 17वें पायदान पर हैं।
कैसा रहा ट्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम सेंट लूसिया किंग्स मैच?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की टीम ने टिम साइफर्ट के शतक के दम पर 211 रन बोर्ड पर लगाए, इस दौरान उन्होंने मात्र 4 विकेट गंवाए। जहां हर गेंदबाज की पिटाई हो रही थी, वहीं सुनील नरेन ने अपने 4 ओवर के कोटे में 27 रन खर्च कर एक विकेट चटकाया।
इस स्कोर का पीछा करने उतरी ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना पाई। कप्तान कीरोन पोलार्ड ने 26 गेंदों पर 65 रनों की धुआंधार पारी खेली, मगर वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। नरेन ने 14 गेंदों पर 25 रन बनाकर बल्ले से भी इस मैच में अपना योगदान दिया।
सेंट लूसिया किंग्स की टीम यह मैच 36 रनों के अंतर से जीती।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.