सत्रह वर्षीय अपूर्व कांबले ने बुधवार को फिडे रेटिड रैपिड टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। यह टूर्नामेंट अगले महीने टेक महिंद्रा ‘ग्लोबल चेस लीग’ (जीसीएल) के चौथे सत्र में दुनिया के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों की मेजबानी की तैयारी के बीच आयोजित किया गया। कांबले ने नौ दौर में 8.5 अंक हासिल करके खिताब अपने नाम किया।
सम्मेद जयकुमार शेटे दूसरे और वैद्यनाथन कन्नन तीसरे स्थान पर रहे। टूर्नामेंट में अलग-अलग आयु वर्ग और रेटिंग श्रेणियों के 700 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट स्विस प्रारूप में नौ दौर का था।
प्रत्येक खिलाड़ी को 10 मिनट का समय और हर चाल पर पांच सेकेंड का अतिरिक्त समय दिया गया। कुल पुरस्कार राशि चार लाख रुपये थी। कांबले ने बताया कि मुंबई में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप से लौटने के बाद उन्होंने आखिरी समय में इस टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण कराया था।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस टूर्नामेंट में खेलने की योजना नहीं बना रहा था क्योंकि मैं अभी मुंबई से लौटा था। मैंने आखिरी समय में पंजीकरण कराने का फैसला किया और यह शानदार निर्णय साबित हुआ। ’’
ग्रैंडमास्टर विष्णु प्रसन्ना भी टूर्नामेंट में शामिल हुए।
वह मौजूदा विश्व चैंपियन गुकेश डी को कोचिंग दे चुके हैं। जीसीएल का चौथा सत्र बेंगलुरु में पांच से 13 सितंबर तक आयोजित होगा और इसमें छह अंतरराष्ट्रीय फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। प्रतिभागियों में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन, शतरंज के दिग्गज विश्वनाथन आनंद, अर्जुन एरिगेसी, इयान नेपोमनियाश्ची, लेवोन अरोनियन, कैंडिडेट्स चैंपियन जावोखिर सिंदारोव, निहाल सरीन और मौजूदा विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।
इस लीग के पिछले चरण दुबई, लंदन और मुंबई में आयोजित किए गए थे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.