स्ट्राइड्स फार्मा साइंस लिमिटेड का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 56.7 प्रतिशत बढ़कर 165.5 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 105.6 करोड़ रुपये था। स्ट्राइड्स फार्मा साइंस लिमिटेड ने शुक्रवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में उसकी परिचालन आय बढ़कर 1,265.4 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,119.7 करोड़ रुपये थी।
स्ट्राइड्स फार्मा साइंस के प्रबंध निदेशक एवं समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी बद्री कोमांडुर ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका के बाहर के बाजारों में किए गए हमारे निवेश अब बेहतरीन नतीजे दे रहे हैं। इन बाजारों से सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जो हमारी विविधीकृत कारोबारी रणनीति की मजबूती की पुष्टि करती है।’’
कंपनी के अनुसार, पहली तिमाही में अमेरिका को छोड़कर अन्य बाजारों से आय 17 प्रतिशत बढ़कर 587.5 करोड़ रुपये रही, जबकि अमेरिकी कारोबार चार प्रतिशत की वृद्धि के साथ 628.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सीईओ ने कहा कि पहली तिमाही में कंपनी की कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर करीब पांच प्रतिशत बढ़कर 229.8 करोड़ रुपये रही।
हालांकि, मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के कारण परिचालन और माल ढुलाई लागत बढ़ने से कंपनी पर 13.1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रभाव पड़ा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.