केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अर्बन एक्सटेंशन रोड-द्वितीय (यूईआर-2) पर मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर ‘मल्टी-लेन फ्री फ्लो’ (एमएलएफएफ) अवरोधक-रहित टोलिंग प्रणाली का सोमवार को उद्घाटन किया।
देश में एमएलएफएफ अवरोधक-रहित टोलिंग प्रणाली वाला यह दूसरा टोल प्लाजा है। इससे पहले एक मई को गुजरात में चोर्यासी टोल प्लाजा पर इस तरह की प्रणाली शुरू की गई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) चालू वित्त वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर इस एमएलएफएफ प्रणाली को और व्यापक रूप से लागू करने की योजना बना रही है।
देशव्यापी विस्तार योजना के तहत नौ राज्यों के 17 टोल प्लाजा शामिल किए गए हैं। इन्हें सितंबर 2026 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सूची में गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और असम जैसे राज्य शामिल हैं।
इसके बाद दूसरे चरण में मार्च 2027 तक 108 से अधिक टोल प्लाजा को इस प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
यह अत्याधुनिक प्रणाली वाहनों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा देती है।
इसमें ‘ऑटोमैटिक नंबर प्लेट’ पहचान और ‘फास्टैग’ जैसी उन्नत प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया जाता है।
इस पहल का मकसद टोल प्लाजा पर लंबी कतारों और देरी को कम करना, ईंधन की बचत करना, यात्रा समय घटाना तथा बेहतर ‘ड्राइविंग’ अनुभव प्रदान करना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.