आज के दौर में टेक इंडस्ट्री में बड़ी सैलरी पाने के लिए सिर्फ इंजीनियरिंग की डिग्री काफी नहीं है, बल्कि सही तकनीकी स्किल्स और लगातार खुद को अपग्रेड करना भी उतना ही जरूरी है। इसका उदाहरण एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की वायरल कहानी है…
क्या है पूरा मामला
बता दें कि एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने रेडिट पर अपनी बैंक सैलरी क्रेडिट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें हर महीने 6,76,340 रुपये सैलरी आने की जानकारी थी। यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गई और हजारों लोगों ने इसे देखा और इस पर अपनी राय दी। हालांकि, लोगों का ध्यान सिर्फ इतनी बड़ी सैलरी पर नहीं गया। सबसे ज्यादा चर्चा इंजीनियर के करियर के सफर को लेकर हुई। इस पोस्ट के बाद इस बात पर बहस छिड़ गई कि टेक इंडस्ट्री में सफलता पाने के लिए IIT जैसे बड़े कॉलेज से पढ़ाई ज्यादा जरूरी है या फिर लगातार नई स्किल्स सीखकर खुद को अपडेट रखना। इसके साथ ही इंजीनियरिंग करियर, स्पेशलाइज्ड टेक्निकल स्किल्स और अलग-अलग कंपनियों में मिलने वाली सैलरी के अंतर पर भी लोगों ने खूब चर्चा की।
एक दिन में नहीं मिलते करोड़ों के पैकेज
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि इस सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने करियर की शुरुआत 15 लाख रुपये सालाना पैकेज से की थी। अगले 8 वर्षों में उन्होंने लगातार नई स्किल्स सीखते हुए और अनुभव हासिल करते हुए अपनी कुल सालाना सैलरी बढ़ाकर करीब 1.3 करोड़ रुपये कर ली। वर्तमान में उन्हें हर महीने 6.7 लाख रुपये से ज्यादा इन-हैंड सैलरी मिलती है। उनकी कहानी यह भी दिखाती है कि करोड़ों के पैकेज एक दिन में नहीं मिलते। ऐसी सैलरी के पीछे सालों की मेहनत, किसी खास तकनीक में विशेषज्ञता, लगातार नई स्किल्स सीखना और करियर में लगातार आगे बढ़ना जैसी बातें अहम भूमिका निभाती हैं।
कैंपस प्लेसमेंट से हाई-फ्रीक्वेंसी सिस्टम्स तक का सफर
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि उन्होंने IIT (टियर-1 इंजीनियरिंग कॉलेज) से पढ़ाई पूरी करने के बाद सीधे एक स्पेशलाइज्ड सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग रोल में करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कुछ समय विदेश में काम किया। फिर 2024 में भारत लौटकर एक FAANG कंपनी जॉइन की और बाद में एक प्रमुख टियर-1 फिनटेक कंपनी में चले गए।
बताया जा रहा है कि उनका काम सामान्य सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट से अलग है। वे ऐसे सिस्टम्स पर काम करते हैं, जहां स्पीड, परफॉर्मेंस और बेहद कम रिस्पॉन्स टाइम सबसे ज्यादा मायने रखते हैं।
रेडिट पोस्ट के मुताबिक, उनकी विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है:
C++ प्रोग्रामिंग
डेटा स्ट्रक्चर्स और एल्गोरिदम (DSA)
लो-लेटेंसी प्रोग्रामिंग
ट्रेडिंग इंजन डेवलपमेंट
हाई-फ्रीक्वेंसी सिस्टम्स
Linux आधारित बैकएंड इंजीनियरिंग
जब उनसे पूछा गया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने की तैयारी कर रहे छात्रों को किस पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए, तो उन्होंने बहुत छोटा लेकिन साफ जवाब दिया:
क्यों खास तकनीकी स्किल्स पर मिलती है ज्यादा सैलरी?
इस वायरल पोस्ट ने टेक इंडस्ट्री की एक अहम सच्चाई भी सामने रखी। हर सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग नौकरी की सैलरी एक जैसी नहीं होती। वेब डेवलपमेंट, ऐप डेवलपमेंट और सामान्य बैकएंड इंजीनियरिंग में भी अच्छे करियर के मौके हैं, लेकिन कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जहां विशेषज्ञों की संख्या कम होती है और काम काफी कठिन होता है। इसी वजह से इन डोमेन में काम करने वाले इंजीनियरों को अक्सर ज्यादा सैलरी मिलती है।
ऐसे प्रमुख क्षेत्र हैं:
हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग (HFT)
क्वांटिटेटिव फाइनेंस (Quantitative Finance)
डिस्ट्रिब्यूटेड सिस्टम्स (Distributed Systems)
कंपाइलर डेवलपमेंट (Compiler Development)
डेटाबेस इंजन डेवलपमेंट (Database Engines)
ऑपरेटिंग सिस्टम्स (Operating Systems)
एम्बेडेड सिस्टम्स
इन सेक्टरों में काम करने वाली कंपनियां माइक्रोसेकंड (सेकंड के लाखवें हिस्से) में बेहतर प्रदर्शन करने की होड़ में रहती हैं। सिस्टम की स्पीड में बेहद छोटा सुधार भी कंपनियों को करोड़ों रुपये का फायदा पहुंचा सकता है। यही वजह है कि इन क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखने वाले इंजीनियरों को अक्सर बहुत बड़े सैलरी पैकेज मिलते हैं।
इंटरनेट पर छिड़ी नई बहस
हालांकि, कई लोगों ने इंजीनियर की सफलता की सराहना की, लेकिन जल्द ही चर्चा एक बड़े मुद्दे पर पहुंच गई। लोगों का कहना था कि हर किसी को करियर की शुरुआत में समान अवसर नहीं मिलते।
एक यूजर ने लिखा कि 15 लाख रुपये सालाना पैकेज से करियर शुरू करना ही अपने आप में एक बड़ा फायदा है। वहीं, दूसरे यूजर ने अपनी बिल्कुल अलग कहानी साझा की, जिससे यह चर्चा शुरू हो गई कि टेक इंडस्ट्री में सफलता सिर्फ मेहनत से नहीं, बल्कि शुरुआती अवसरों और परिस्थितियों पर भी काफी हद तक निर्भर करती है।
एक अन्य यूजर ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 96,000 रुपये सालाना सैलरी से की थी। 8 साल का अनुभव होने के बाद भी उनकी सालाना सैलरी 20 लाख रुपये तक नहीं पहुंची है। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि उन्हें पहली नौकरी में 7,000-8,000 रुपये महीने मिलते थे, जबकि कुछ यूजर्स ने बताया कि उनकी पहली इंटर्नशिप की स्टाइपेंड सिर्फ 2,000 रुपये प्रति माह थी।
इस चर्चा से यह बात सामने आई कि करियर में सैलरी बढ़ना केवल व्यक्ति की मेहनत या योग्यता पर ही निर्भर नहीं करता। इसके पीछे कई अन्य महत्वपूर्ण कारण भी होते हैं, जैसे:
किस कॉलेज या संस्थान से पढ़ाई की है
नौकरी की लोकेशन
संबंधित इंडस्ट्री में मांग
कंपनी का स्तर और प्रकार
कब और कितनी बार नौकरी बदली
उस समय की आर्थिक परिस्थितियां
अच्छे अवसरों तक पहुंच
किसी खास तकनीक या क्षेत्र में विशेषज्ञता
विदेश में जॉब का फायदा
कई यूजर्स ने यह भी कहा कि विदेश में काम करने का अनुभव लेकर भारत लौटने वाले पेशेवरों को अक्सर सैलरी तय करते समय बेहतर पैकेज मिलता है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय अनुभव उनकी प्रोफाइल को अधिक मजबूत बनाता है।
(डिस्क्लेमर: इस कहानी में किए गए सभी दावे और विचार संबंधित व्यक्ति के निजी अनुभव हैं। ‘लाइव हिंदुस्तान’ वेबसाइट सोशल मीडिया पोस्ट पर किए गए इन दावों की पुष्टि नहीं करती है।)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.