शुभमन गिल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के एक संस्करण में एक हजार रन पूरे करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले विराट कोहली ने 934 रन बनाए थे।
शुभमन गिल ने पूरे किए 1000 रन
भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने रविवार को दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 108 गेंदों का सामना करते हुए 50 रन बनाए। उनको विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में बतौर कप्तान एक हजार रन पूरे करने के लिए 26 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने इस पारी के दौरान हासिल कर लिया। गिल ने जून 2025 में भारत के लिए टेस्ट कप्तानी संभाली थी। कोलंबो में खेला जा रहा मुकाबला उनका बतौर कप्तान 10वां मैच है और अब तक उन्होंने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के मौजूद चक्र में 1026 रन बना लिए हैं। गिल से पहले भारतीय कप्तानों में विराट कोहली ने भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने 2019-21 में 15 मैचों में 934 रन बनाए थे। डब्ल्यूटीसी में बतौर कप्तान 1000 से ज्यादा रन बनाने के मामले में गिल पांचवें स्थान पर हैं।
बतौर कप्तान शुभमन गिल ने पहली टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ 754 रन बनाए थे। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों में 192 रन बनाए। अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने चार रन बनाए। श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में गिल ने 16 और आठ रन बनाए।
भारत ने बनाए 300 रन
पहले टेस्ट में 167 रन की पारी खेलने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज पडिक्कल ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 193 गेंद में 12 चौकों से 117 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान शुभमन गिल (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 और रविंद्र जडेजा (43 रन, 83 गेंद, चार चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 74 रन की साझेदारी की। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने भी 45 रन की उपयोगी पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने पर ध्रुव जुरेल सात जबकि सारांश जैन चार रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका की ओर से असिता फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 46 रन देकर तीन विकेट चटकाए। तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा और स्पिनर केशारा नुवानथा ने एक-एक विकेट चटकाया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.