2026 बलेनो को चार इंजन-गियरबॉक्स कॉम्बिनेशन के साथ लॉन्च किया जाएगा। इसमें पहली बार सीएनजी के साथ AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन भी मिलेगा। बलेनो फेसलिफ्ट में फीचर्स की लिस्ट भी पहले से लंबी होगी। आइए जानते हैं डीटेल।
चार पावरट्रेन ऑप्शन
नई बलेनो में पेट्रोल-मैनुअल, पेट्रोल-AMT, सीएनजी-मैनुअल और सीएनजी-AMT के ऑप्शन मिलेंगे। सीएनजी-AMT के साथ आने वाली बलेनो देश में मारुति सुजुकी की पहली ऐसी फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी कार होगी, जिसमें ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया जाएगा। अभी तक मारुति की सीएनजी कारों में केवल मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है। फेसलिफ्ट बलेनो में मौजूदा 1.2-लीटर 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह नया 1.2-लीटर, तीन-सिलेंडर Z12E पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। यही इंजन Swift और Dzire में भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसे 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स के साथ पेश किया जाएगा। पेट्रोल-मैनुअल सभी वेरिएंट में उपलब्ध होगा, जबकि पेट्रोल-AMT का ऑप्शन Delta वेरिएंट से ऊपर मिलेगा।
सीएनजी वर्जन में भी यही 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया जाएगा। सीएनजी मॉडल को मैनुअल और AMT दोनों गियरबॉक्स के साथ ऑफर किया जाएगा। हालांकि, ये ऑप्शन Delta और Zeta वेरिएंट तक लिमिटेड रहने की उम्मीद है। इस तरह कम रनिंग कॉस्ट के साथ ऑटोमैटिक कार चाहने वाले ग्राहकों के लिए बलेनो एक नया ऑप्शन बन जाएगी। फिलहाल टाटा मोटर्स अपने टियागो, टिगोर, ऑल्ट्रोज और पंच जैसे मॉडलों में सीएनजी-AMT ऑप्शन देती है।
हाइब्रिड के लिए तैयार होगा नया इंजन
नए Z12E इंजन को बलेनो में लाने की एक बड़ी वजह भविष्य में हाइब्रिड पावरट्रेन को शामिल करना भी हो सकती है। यह इंजन स्ट्रॉन्ग और सीरीज-हाइब्रिड सिस्टम को सपोर्ट करने के हिसाब से तैयार किया गया है। ऐसे में आने वाले समय में बलेनो में हाइब्रिड टेक्नोलॉजी देखने को मिल सकती है।
Level 1 ADAS समेत नए फीचर्स
बलेनो फेसलिफ्ट में फीचर्स की लिस्ट भी पहले से लंबी होगी। इसका सबसे बड़ा अपडेट Level 1 ADAS हो सकता है, जिसे टॉप-स्पेक Alpha (O) वेरिएंट में दिए जाने की उम्मीद है। इसमें ब्लाइंड-स्पॉट वार्निंग, रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट और सेफ-एग्जिट अलर्ट जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा कार में मौजूदा 9-इंच यूनिट की जगह बड़ा 10.1-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसमें वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto का सपोर्ट मिलेगा। वायरलेस फोन चार्जर और फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स भी नए फीचर्स की लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। मौजूदा मॉडल में हेड-अप डिस्प्ले और 360-डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है।
डिजाइन में भी होंगे बदलाव
नई बलेनो के एक्सटीरियर में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे। इसमें नई फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप और नया फ्रंट बंपर मिल सकता है। नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी दिए जाएंगे। पीछे की तरफ बंपर में बदलाव और टेललैंप के आसपास मामूली अपडेट देखने को मिल सकते हैं। बताते चलें कि मारुति सुजुकी बलेनो फेसलिफ्ट को 5 सितंबर 2026 को भारत में लॉन्च करने की तैयारी में है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.