मुंबई, 24 जुलाई पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 512.07 अंक लुढ़ककर 75,869.38 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 153 अंक टूटकर 23,713.60 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, इटर्नल, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और ट्रेंट के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे।
अप्रैल-जून तिमाही के परिणाम के बाद इंटरग्लोब एविएशन का शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूट गया। वहीं आईटी सेवा कंपनी इन्फोसिस का शेयर एक प्रतिशत से अधिक गिरावट में रहा। दूसरी ओर, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और सन फार्मा के शेयर बढ़त में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 5.56 प्रतिशत लुढ़क गया। जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.03 प्रतिशत चढ़कर 100.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,999.23 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 0.47 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.