श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए अगले सप्ताह तक भारतीय टीम का ऐलान हो सकता है। जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर नजर है, जबकि सिराज और जडेजा की वापसी हो सकती है।
बुमराह की फिटनेस पर नजर
इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ”हम उनके ठीक होने की प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं। टेस्ट सीरीज शुरू होने में अभी तीन सप्ताह का समय है , इसलिए उनके पास ठीक होने और श्रीलंका में टीम से जुड़ने के लिए पर्याप्त समय है।” भारतीय टीम चार अगस्त तक श्रीलंका पहुंच जाएगी और वहां की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने के लिए कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब में चार दिवसीय मैच खेलेगी। लेकिन यह देखना बाकी है कि क्या बुमराह अगस्त के पहले सप्ताह में टीम के साथ यात्रा कर पाएंगे या नहीं।
जडेजा-सिराज की होगी वापसी
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक वनडे मैच खेलने के बाद शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। श्रीलंका में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जडेजा को टीम में शामिल नहीं किया गया था, जिसमें भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
जहां तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभालेंगे, वहीं अनुभवी कुलदीप यादव और बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार के साथ स्पिन विभाग की अगुवाई करेंगे। मानव ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करते हुए अपना प्रभाव छोड़ा था। तीसरे स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर हो सकते हैं, जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरी पारी में चार विकेट लिए थे, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे स्पिन विभाग में विकल्प के तौर पर टीम में बने रहेंगे। भारत इस दौरे की शुरुआत 15 अगस्त को गाले में पहले टेस्ट से करेगा, जिसके बाद 23 अगस्त को कोलंबो में दूसरा टेस्ट खेलेगा। इससे पहले भारतीय टीम ने एकमात्र टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से हराया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.