एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट का शेयर अपने निर्गम मूल्य 574 रुपये के मुकाबले करीब सात प्रतिशत की बढ़त के साथ मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 610 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ, जो निर्गम मूल्य से 6.27 प्रतिशत अधिक है। बाद में यह 8.85 प्रतिशत चढ़कर 624.80 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर शेयर ने 613.30 रुपये पर शुरुआत की जो निर्गम मूल्य के मुकाबले 6.84 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,25,845.39 करोड़ रुपये रहा।
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को बोली बंद होने तक 41.66 गुना अभिदान मिला था।
इसके 9,812.91 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 545-574 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था।
यह सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित था। मौजूदा शेयरधारक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अमुंडी ने 17.09 करोड़ तक शेयर की बिक्री पेशकश की।
वर्ष 1987 में स्थापित एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट, 31 मार्च 2026 तक तिमाही औसत प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (क्यूएएयूएम) के आधार पर भारत की सबसे बड़ी परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी है। म्यूचुअल फंड के तहत उसकी 12.51 लाख करोड़ रुपये की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां हैं और उसकी बाजार हिस्सेदारी 15.3 प्रतिशत है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.