संजय मांजरेकर ने अनुशासनहीनता के मामलों में नरमी बरतने के लिए आईसीसी और बीसीसीआई की ओलचना की है। उनका मानना है कि ये खेल के लिए अच्छा नहीं है और खिलाड़ियों के भविष्य के लिए भी सही नहीं है।
संजय मांजरेकर ने की आलोचना
पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, ”आईसीसी और बीसीसीआई, वैभव ने हाल ही में भारत ए के लिए और अब जायसवाल ने (अनुशासनहीनता दिखाई है)। अगर आप उनका इस तरह के व्यवहार में बचाव करते रहेंगे तो आप उन्हें ऐसा व्यवहार दोहराने के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह खेल के लिए अच्छा नहीं है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह उनके भविष्य के लिए भी अच्छा नहीं है।”
कोलंबो में दूसरे टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हुई कहासुनी के लिए जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। दोनों को एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया गया। भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में फर्नांडो ने जायसवाल को आउट किया जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई थी। जून में 15 वर्षीय बल्लेबाज सूर्यवंशी भारत ए की तरफ से खेलते हुए श्रीलंका ए के एक खिलाड़ी के साथ तीखी बहस में उलझ गए थे और हाथापाई की नौबत तक आ गई थी।
दोनों खिलाड़ियों को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन करते पाया गया। यह नियम “किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायता कर्मी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति (जिसमें अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान दर्शक भी शामिल हैं) के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क” से संबंधित है।
वैभव सूर्यवंशी भी श्रीलंकाई खिलाड़ी से भिड़े थे
इससे पहले जून में श्रीलंका-ए से सुपर ओवर में भारत ए की हार के बाद सूर्यवंशी की मैदान पर विपक्षी श्रीलंकाई क्रिकेटर विशेन हलाम्बागे के साथ धक्का मुक्की और बहस हो गई थी। सुपर ओवर में श्रीलंका ए की जीत के बाद खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हुई, जो आगे बढ़कर शारीरिक धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। एक समय सूर्यवंशी और हलमबागे को अलग करने के लिए अन्य खिलाड़ियों और अधिकारियों को बीच-बचाव करना पड़ा। सूर्यवंशी को आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था। जहां उन्होंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.