आकाश चोपड़ा और सचिन तेंदुलकर एकसाथ कुछ वक्त तक भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा रहे हैं। पूर्व ओपनर और मशहूर कमेंटेटर आकाश ने महान बल्लेबाज सचिन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है।
‘सचिन ड्रेसिंग रूम में बराबर में थे और…’
आकाश से जब ‘खाने में क्या है’ यूट्यूब चैनल पर उनके फेवरेट बल्लेबाज के बारे में पूछा गया, जिसके साथ वह खेल चुके तो सचिन का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”वह कमाल हैं। सचिन के साथ मैं 2024 तक खेला हूं। वह अविश्वसनीय थे। सिडनी वाला टेस्ट मुझे याद है। हम ड्रेसिंग रूम में साथ थे। वह मेरे बराबर में बैठे हुए थे। उनका एब्डोमिनल गार्ड टूट गया था। उन्हें किसी और का एब्डोमिनल गार्ड उधार चाहिए था। तो मैंने उन्हें अपना गार्ड दिया। आप बहुत सारी चीजें अपने साथ रखते हैं, लेकिन दो एब्डोमिनल गार्ड नहीं रखते। आप कभी नहीं सोचते कि यह टूटेगा। उसके बाद वह बल्लेबाजी के लिए गए और रन बनाए। मैंने कहा कि आप ही रखो यह गार्ड।”
‘सचिन ने 200 प्लस पारी में ऐसा नहीं किया’
उन्होंने आगे कहा, ”सचिन ने 241 रनों की पारी खेली। वह मुझसे आकर बोले कि आकाश कुछ नोटिस नहीं किया। मैंने कहा कि बहुत अच्छे खेले यार। लेकिन सचिन बोले कि मैंने कोई ड्राइव नहीं मारा। फिर मैंने कहा कि पाजी क्या मजाक कर रहे हो? मारा तो जरूर होगा, ऐसा नहीं हो सकता कि बिना एक भी कवर ड्राइव के 200 प्लस रन बनाओ। यह संभव नहीं। हालांकि, यह सच है। उन्होंने उस पारी में कोई ड्राइव नहीं मारा। उस समय तक मेरे करियर में टोटल 241 रन नहीं थे, जो सचिन ने एक पारी में बना दिए।”
सचिन सिडनी टेस्ट की दोनों पारियों में नाबाद रहे
बता दें कि सचिन ने सिडनी टेस्ट की पहली पारी में 436 गेंदों का सामना करने के बाद नाबाद 241 रन जोड़े, जिसमें 33 चौके शामिल हैं। सचिन के दोहरे शतक के दम पर भारत ने पहली पारी 705/7 के स्कोर पर घोषित की थी। वीवीएस लक्ष्मण ने 178 और वीरेंद्र सहवाग ने 72 रनों का योगदान दिया। सचिन ने दूसरी पारी में नाबाद 60 रन जुटाए। वहीं, आकाश ने मैच में बतौर ओपनर उतरने के बाद 45 और दो रन बनाए थे। सिडनी टेस्ट ड्रॉ रहा था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.