रोज के खाने में सेंधा नमक डालें या सफेद नमक, ये सवाल अक्सर कई लोगों का होता है। कुछ लोग कहते हैं कि सेंधा नमक फायदेमंद होता है, तो कुछ सफेद नमक को ज्यादा सही बताते हैं। आइए जानते हैं इसपर डॉक्टर की क्या राय है।
क्या सेंधा नमक, सफेद नमक से बेहतर होता है?
कई लोग मानते हैं कि सेंधा नमक, नॉर्मल सफेद नमक से ज्यादा बेहतर होता है। इसे अगर रोज के खाने में इस्तेमाल किया जाए तो शरीर को कोई नुकसान नहीं होता। इस बारे में डॉ विपुल कहते हैं कि ये एक तरह का भ्रम है, जो सोशल मीडिया की वजह से कई लोगों में मन में बैठ गया है। सेंधा नमक, सफेद नमक से बेहतर क्यों नहीं है इसे समझने के लिए आपको इन तीन बातों को समझना जरूरी है।
फैक्ट 1- सेंधा नमक में नहीं होता है आयोडीन
डॉ विपुल कहते हैं कि जो नॉर्मल सफेद नमक होता है, वो रिफाइंड होता है, जिसमें ऊपर से आयोडीन मिलाया जाता है। ये आयोडीन आपके थायराइड और ब्रेन डेवलपमेंट के लिए बहुत जरूरी होता है। वहीं सेंधा नमक में आयोडीन नहीं होता है। यहां ये समझना चाहिए कि बच्चों और प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए आयोडीन बेहद जरूरी होता है, जो सेंधा नमक खाने पर नहीं मिलता।
फैक्ट 2- खाने में ज्यादा डलता है सेंधा नमक
डॉक्टर कहते हैं कि दोनों नमक का बेस कंपाउंड सेम ही है, जो है सोडियम क्लोराइड। हालांकि सेंधा नमक में खारापन कम होता है, इसलिए वो खाने में थोड़ा सा ज्यादा डालना पड़ता है। इस वजह से ओवरऑल सोडियम का इंटेक बढ़ जाता है। ऐसे में ये कई बार नॉर्मल नमक से ज्यादा सोडियम कंज्यूम सेंधा नमक की वजह से हो जाता है।
फैक्ट 3- क्या सेंधा नमक में एक्स्ट्रा मिनरल्स होते हैं?
अक्सर लोग कहते हैं कि सेंधा नमक में एक्स्ट्रा मिनरल्स होते हैं, इसलिए वो नॉर्मल नमक से ज्यादा फायदेमंद होता है। डॉ विपुल कहते हैं कि हां, सेंधा नमक में कुछ एक्स्ट्रा मिनरल्स जरूर होते हैं क्योंकि ये रिफाइंड नहीं होता। लेकिन ये समझना जरूरी है कि ये मिनरल्स इतने कम में मात्रा होते हैं कि इनका सेहत को कोई खास फायदा मिल नहीं पाता है।
नमक खाने से जुड़ी ये बातें हैं जरूरी
डॉक्टर कहते हैं कि रोजमर्रा में आपको सफेद नमक ही खाने में इस्तेमाल करना चाहिए। हालांकि सबसे जरूरी है कि इसकी मात्रा सीमित ही रखें। जिन चीजों में ज्यादा नमक डलता है- जैसे अचार, चटनी, सांभर और प्रिजर्व्ड फूड इनकी मात्रा अपनी डाइट में कम से कम रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.