समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को राजस्थान के एक स्कूल में पहुंचे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के सदस्यों पर कथित हमले की निंदा की और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने सरकारी विद्यालयों की स्थिति का जायजा रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विद्यालयों की बदहाली का खस्ताहाल दिखाने की कोशिश करने वाले ‘जंतर-मंतर के युवा आंदोलनकारियों’ पर राजस्थान में भाजपाइयों द्वारा किया गया जानलेवा हिंसक हमला और गाड़ियों के शीशे तक तोड़ने का कुकृत्य बेहद निंदनीय है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हिंसा हताशा का ही उग्र रूप होती है। शिक्षा विरोधी भाजपा और उसके संगी-साथी कभी नहीं चाहते कि लोग जागरूक हों और उनकी दकियानूसी सोच पर आधारित रूढ़िवादी-सामंती सत्ता के खिलाफ खड़े होकर उसे उखाड़ फेंकें।’’
यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ‘‘शिक्षा भाजपाइयों के लिए व्यापार है, ‘मानव संसाधन विकास’ का मुद्दा नहीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘छात्र कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!’’
यादव की यह प्रतिक्रिया जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में उस समय हुई कथित झड़प के बाद आई, जब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत एक सरकारी स्कूल पहुंची कॉजपा की एक टीम को कथित तौर पर स्थानीय लोगों ने रोक दिया।
इनमें से कुछ लोगों के भाजपा कार्यकर्ता होने का दावा किया गया। ‘कॉजपा’ के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि टीम के सदस्यों पर हमला किया गया, पथराव किया गया, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया तथा महिला समर्थकों के साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना के कथित वीडियो में बड़ी संख्या में लोग टीम के सदस्यों से भिड़ते दिखाई दे रहे हैं। कुछ वाहनों की खिड़कियां भी टूटी हुई नजर आ रही हैं। रांका ने आरोप लगाया कि यह हमला राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर किया गया।
मंत्री की ओर से इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। ‘कॉजपा’ राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी विद्यालयों में बाहरी लोगों और मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंधों का विरोध कर रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.