एक वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवीज महरूफ ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। कहा, पंत के पास आधे घंटे से 45 मिनट के भीतर मैच पलट देने की क्षमता है।
श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं ऋषभ पंत
हालांकि, रिकॉर्ड्स और आंकड़ों से इतर क्रिकेट मैदान पर खेला जाता है और उन पांच दिनों में जिस टीम के खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे वही मुकाबला अपने नाम करेगी। भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवीज महरूफ ने ऋषभ पंत को श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा खतरा माना है। उन्होंने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को श्रीलंका के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। अभ्यास मैच में पंत सिर्फ दो और 28 रन ही बना सके, लेकिन महरूफ का मानना है कि उनकी आक्रामक और अपरंपरागत बल्लेबाजी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकती है। उन्होंने कहा, “मैं अगर श्रीलंका के ड्रेसिंग रूम में होता तो सबसे ज्यादा चिंता ऋषभ पंत की करता। वह 30 से 45 मिनट में अकेले मैच बदलने की क्षमता रखते हैं। हमने उन्हें पहले भी ऐसा करते देखा है। उन्हें स्वाभाविक खेल खेलने की पूरी आजादी है और यही उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है।”
भारतीय बल्लेबाजों के लिए श्रीलंका का ये स्पिनर होगा मुश्किल
महरूफ ने भारतीय टीम को मजबूत बताते हुए कहा कि सातवें नंबर पर जडेजा की मौजूदगी टीम को अतिरिक्त मजबूती देती है। इसके बावजूद उन्होंने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त होने का अनुमान लगाया। उनके अनुसार भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या होंगे, जिन्हें उन्होंने ‘किंग आफ गॉल’ बताया। उन्होंने कहा, “गॉल में प्रभात जयसूर्या ने बड़ी संख्या में विकेट लिए हैं। वह हवा का बेहतरीन इस्तेमाल करना जानते हैं। यहां क्रास विंड स्पिनरों को अतिरिक्त ड्रिफ्ट दिलाती है, इसलिए भारतीय स्पिनरों को भी परिस्थितियों के अनुसार जल्दी खुद को ढालना होगा। यही शृंखला का अहम पहलू साबित हो सकता है।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.