बालों में तेल लगाना फायदेमंद तो है, लेकिन गलत तरीके से लगाना उल्टा नुकसान भी कर सकता है। ज्यादातर लोगों को तेल लगाने का सही तरीका नहीं पता होता है, जिस वजह से उन्हें ऑयलिंग का कोई खास फायदा नहीं मिलता। तो चलिए सही तरीका जानते हैं-
ज्यादातर लोग गलत तरीके से लगते हैं बालों में तेल
बालों में तेल लगाने के फायदे तो सभी जानते हैं, लेकिन गलत तरीके से अगर तेल लगाया जाए तो फायदे की जगह नुकसान हो सकता है; ये बात लोगों को पता नहीं होती है। लोग अक्सर थोड़ा सा तेल लेते हैं और उसे बालों की जड़ों पर तेज रगड़ते हुए लगाते हैं। उन्हें लगता है जितनी तेज रगड़कर मालिश करेंगे, तेल उतना ही जड़ों तक जाएगा और फायदा करेगा। जबकि ऐसा करने से बाल आपस में उलझ जाते हैं और उनकी जड़ें कमजोर होती है। इतना ही नहीं इससे हेयरफॉल भी काफी हो सकता है।
बालों में तेल लगाने का सही तरीका क्या है?
सबसे पहले तेल को हल्का सा गुनगुना कर लें, इससे वो बालों में अच्छी तरह एब्जॉर्ब होता है। ध्यान रहे तेल को बहुत ज्यादा गर्म नहीं करना है। अब अपने बालों को कंघी की मदद से अच्छी तरह सुलझा लें। इसके बाद आपको रुई की छोटी सी बॉल लेनी है और इसकी मदद से बालों की जड़ों में तेल को अच्छी तरह अप्लाई कर लेना है। बालों के छोटे-छोटे सेक्शन बनाएं, जिससे पूरी स्कैल्प पर तेल लग सके।
इसके बाद आपको उंगलियों के पोरों से 5-10 मिनट के लिए बालों की मसाज करनी है। बहुत ज्यादा तेज बालों को ना रगड़ें, इससे बालों की जड़ें कमजोर होती हैं। आपको बस स्कैल्प पर हल्के हाथों से मसाज करनी है। बचा हुआ तेल आप बालों की लेंथ पर अप्लाई कर सकते हैं, इन्हें रगड़ने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है।
तेल कितना लगाना चाहिए?
बहुत से लोगों को लगता है कि जितना ज्यादा तेल लगाएंगे, बालों को उतना ही ज्यादा फायदा होगा। जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है, उल्टा इससे नुकसान ही होता है। ज्यादा तेल बालों से ठीक से निकल नहीं पाता है, जिससे बिल्ड अप हो सकता है और फिर शैंपू भी ज्यादा लगाना पड़ता है, जिससे बाल ड्राई हो सकते हैं। बस इतना तेल लें कि आप स्कैल्प पर अच्छी तरह लग जाए और थोड़ा बहुत आप बालों के ड्राई एंड्स पर भी लगा सकते हैं।
कितनी देर लगा रहने दें ऑयल
हेयरवॉश करने से आधा या एक घंटा पहले तेल लगाना काफी होता है। एक्सपर्ट्स की मानें हो रातभर के लिए रखने की जरूरत नहीं होती है, इससे बालों को कोई अतिरिक्त फायदा नहीं होता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.