होली से पहले बाजारों में पनीर की मांग बढ़ते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं. गाजियाबाद में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1200 किलो मिलावटी पनीर का भंडाफोड़ किया गया, जिससे त्योहार से पहले हड़कंप मच गया. अगर आप भी पनीर के शौकीन हैं तो जरूर जान लें असली और नकली के पहचान करने का तरीका
अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और शादी के सीजन में पनीर की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग मिलावटी या सिंथेटिक पनीर बेचने लगते हैं. ऐसा पनीर सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. मिलावटी पनीर अक्सर सिंथेटिक दूध, स्टार्च या डिटर्जेंट जैसे हानिकारक तत्वों से बनाया जाता है. इसे खाने से फूड प्वाइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और लंबे समय में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए जरूरी है कि ग्राहक असली और नकली पनीर की पहचान करना सीखें.
ऐसे करें असली और नकली पनीर की पहचान
सबसे पहला तरीका है हाथ से मसलकर देखना. असली पनीर नरम और दानेदार होता है. जब आप इसे उंगलियों से दबाते हैं तो यह आसानी से टूट जाता है. वहीं नकली या मिलावटी पनीर ज्यादा रबर जैसा और सख्त महसूस हो सकता है.
दूसरा तरीका है पानी टेस्ट. पनीर का एक छोटा टुकड़ा गर्म पानी में डालें और कुछ देर बाद उसमें आयोडीन की कुछ बूंदें डालें. अगर पनीर का रंग नीला या काला हो जाए तो उसमें स्टार्च की मिलावट हो सकती है. असली पनीर का रंग नहीं बदलता.
तीसरा तरीका है उबालकर जांचना. पनीर को पानी में उबालने पर असली पनीर अपनी बनावट बनाए रखता है, जबकि नकली पनीर जल्दी बिखर सकता है या उसमें अजीब सी गंध आ सकती है.
चौथा तरीका है स्वाद और गंध से पहचान. असली पनीर का स्वाद हल्का दूधिया और ताजा होता है. अगर पनीर में खट्टापन ज्यादा हो या केमिकल जैसी गंध आए तो सावधान हो जाएं.
खरीदते समय यह भी ध्यान रखें कि पनीर विश्वसनीय दुकान या ब्रांड से ही लें. बहुत सस्ता पनीर मिलने पर सतर्क रहें. पैक्ड पनीर खरीदते उसका मैन्युफैक्चरिंग डेट और लाइसेंस नंबर जरूर जांचें.
खाद्य विभाग की यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी. वहीं उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी भी है कि वे सतर्क रहें और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना संबंधित विभाग को दें. सही जानकारी और थोड़ी सी सावधानी से आप खुद को और अपने परिवार को मिलावटी खाने के खतरे से बचा सकते हैं.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.