सिंगिंग रियलिटी शो के विनर इश्मीत सिंह याद हैं आपको? इश्मीत की मालदीव्स के एक स्विमिंग पुल में डूबने से डेथ हो गई थी। लेकिन क्या आप जानते हैं सिंगर की डेथ के बाद परिवार के एक सदस्य ने हैरान करने वाला वाकया बताया था। परिवार ने बताया डेथ से दो हफ्ते पहले किसी ने की थी मारने को कोशिश।
इश्मीत सिंह की डेथ
पहले थोड़ी टाइमलाइन समझते हैं। इश्मीत सिंह ने नवंबर 2007 को सिंगिंग रियलिटी शो स्टार वॉइस ऑफ इंडिया का खिताब जीता था। इस के बाद शो के मेकर्स ने बच्चों के लिए भी ऐसा ही एक और रियलिटी शो शुरू किया जिसका नाम था ‘छोटे उस्ताद’। जुलाई 2008 में मालदीव्स में एक कॉन्सर्ट रखा गया जिसमें दोनों शोज के कुछ कंटेस्टेंट और विनर ने हिस्सा लिया था। मालदीव्स के एक आलीशान रिसॉर्ट में सभी ठहरे हुए थे। 29 जुलाई को इश्मीत, व्योम नाम के एक बाल कंटेस्टेंट के साथ स्विमिंग पुल में टाइम एन्जॉय कर रहे थे। इसी दौरान उनकी डूबने की खबर सामने आई। आनन फानन में उन्हें पास के हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी। इश्मीत की डूबने से मौत हो गई थी। परिवार में मातम पसर गया। किसी को यकीन नहीं हुआ कि जिस इश्मीत को टीवी पर देखा जा रहा था, जिसे देश की जनता ने विनर बनाया उसकी डूबने से मौत हो गई।
इश्मीत की मौत को बताया हत्या
इश्मीत की डेथ के बाद उनके परिजनों ने इसे हत्या बताया। कुछ ने सवाल उठाए कि इश्मीत बेसिक स्विमिंग जानता था, वो डूब नहीं सकता। किसी ने कहा कि वो स्विमिंग पुल की गहराई तक कैसे पहुंचा। लेकिन इश्मीत दुनिया से जा चुका था। परिवार को इन सवालों के जवाब नहीं मिले। इस दौरान उनके अंकल चरण कमल चड्ढा सामने आए। उन्होंने अपने बयान में एक ऐसे रोड एक्सीडेंट का जिक्र किया जिसके बारे में कोई नहीं जानता था।
इश्मीत का हुआ था रोड एक्सीडेंट
चरण कमल ने कहा था, ‘जब उसकी (इश्मीत) मौत की खबर आई तो मुझे दो हफ्ते पहले की वो घटना याद आ गई जब उसे एक्सीडेंट में किसी ने मारने की कोशिश की थी। मुझे पता है पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि इश्मीत के फेफड़ों और हार्ट में पानी भर गया था। और इश्मीत डूबने की वजह से मरा था। लेकिन मैं इस रिपोर्ट से सहमत नहीं हूं।’ उन्होंने आगे बताया था, ‘दो हफ्ते पहले भी उसे जान से मारने की कोशिश हुई थी। वो 13 जुलाई का दिन था। इश्मीत कार से मुंबई से पुणे जा रहा था। तभी अचानक पीछे से एक कार ने उसकी कार के बराबर में आ गई। और उसने बहुत जोर से इश्मीत की कार के साइड में टक्कर मारी। जिस साइड इश्मीत बैठा था, उसी साइड टक्कर मारी गई थी। इश्मीत के साथ एक कोरियोग्राफ़र भी था। मुझे उसका नाम याद नहीं आ रहा है अभी। इश्मीत की कार की बुरी हालत हो गई थी। बाल-बाल बचा था वो। उसने फोन पर मुझे एक्सीडेंट के बारे में बताया था।’
इश्मीत की मौत पर उठे सवाल
इश्मीत के अंकल ने आगे इश्मीत की डूबने से हुई मौत पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, ‘मुझे शक है कि उसे पहले किसी चीज से मारा गया, फिर पुल में फेंका गया। मैंने व्योम से बात करने की कोशिश की थी। व्योम उस समय इश्मीत के साथ था जब वो घटना हुई थी। व्योम सही से बात नहीं कर रहा था। मुझे साफ पता चल रहा था कि कोई पीछे से उसे बता रहा है कि क्या बोलना है। अरुणिमा नाम की जो लड़की उनके साथ थी, उसने मुझे बताया कि घटना के वक्त वो वहां नहीं थी। वो दूसरे पुल में थी। लेकिन जब मैंने उस रिसॉर्ट में पूछताछ की जहां ये लोग ठहरे हुए थे, तो स्टाफ ने मुझे बताया कि उनके यहां सिर्फ एक ही पुल है।’ इश्मीत के अंकल ने इस मौत को प्लान बताया था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.