एक्टर और सांसद रवि किशन इन दिनों प्राइम वीडियो के एक नए रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ रहे हैं. इस शो को कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं और रवि किशन ने इसमें अपनी बेटी रीवा किशन के साथ हिस्सा लिया है. इसी बीच हाल ही में एक्टर ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद करते हुए बताया कि 90 के दशक में कई कलाकार उन्हें भाव तक नहीं देते थे. इतना ही नहीं, जो एक्टर बाद में बड़े स्टार बने, वे भी उनका मजाक उड़ाया करते थे.
रवि किशन का छलका दर्द
रियलिटी शो ‘अलायंस’ में कंटेस्टेंट्स संग बातचीत के दौरान रवि किशन ने अपने करियर के मुश्किल दौर को याद किया. उन्होंने कहा कि सालों के स्ट्रगल और इंतजार के बाद आखिरकार उन्हें वो पहचान मिली, जिसके लिए उन्होंने दशकों तक मेहनत की.
रवि किशन ने कहा, ‘मेरी जिंदगी में कई ऐसे लोग आए जिन्होंने मेरा मजाक उड़ाया. 90 के दशक में वे एक-एक कर बड़े स्टार बन रहे थे और मैं बस उन्हें सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हुए देख रहा था.’ रवि किशन ने बताया कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले खुद को पूरी तरह तैयार किया था. उनका मानना था कि एक एक्टर में जो भी हुनर होना चाहिए, उन्होंने वो सब सीखा था.
उन्होंने कहा, ‘मेरी आवाज अच्छी थी. मुझे घुड़सवारी आती थी, एक्शन करना आता था. मैंने उर्दू और हिंदी सीखी थी. थिएटर किया था और डांस भी सीखा था. मैं पूरी तरह तैयार था. इसके बावजूद मैं पीछे रह गया, जबकि बाकी लोग आगे निकलते गए. मैं खुद से कहता था कि अगर उनका समय आया है तो मेरा भी आएगा. लेकिन मुझे नहीं पता था कि मेरा समय आने में पूरे 34 साल लग जाएंगे.’
34 साल बाद आया रवि किशन का टाइम
उन्होंने कहा, ‘फिर वो दिन आया, लेकिन पूरे 34 साल बाद. उस साल मैंने बेस्ट एक्टर के सभी अवॉर्ड जीते. जिन मंचों पर मुझे पहले कभी बुलाया तक नहीं जाता था, आज वहीं मेरा सम्मान हुआ. पहले लोग मुझे बुलाते नहीं थे, मेरा मजाक उड़ाते थे. किसी को भरोसा नहीं था कि मैं कुछ कर पाऊंगा, लेकिन आज मैं यहां हूं.’ रवि किशन ये कहानी सुनकर शो के बाकी कंटेस्टेंट्स भी इमोशनल हो गए.
रवि किशन का एक्टिंग करियर
बता दें कि रवि किशन ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1990 के दशक की शुरुआत में हिंदी फिल्मों ‘पितांबर’, ‘आतंक’, ‘आर्मी’ और ‘जख्मी दिल’ जैसी फिल्मों से की थी. उस दौर में उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें असली पहचान और स्टारडम भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री से मिला, जहां वो सबसे बड़े सुपरस्टार्स में से एक बनकर उभरे.
‘सैंया हमार’, ‘पंडित जी बताई ना बियाह कब होई’ जैसी कई सुपरहिट भोजपुरी फिल्मों ने रवि किशन को भोजपुरी सिनेमा का सबसे पॉपुलर सितारा बना दिया.
ये भी पढ़ेंः Eetha Controversy: श्रद्धा कपूर की ‘ईठा’ पर रिलीज से पहले विवाद, टाइटल को लेकर शुरू हुआ बवाल
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.