Rashmika Mandanna-Vijay Deverakonda: साउथ सिनेमा के लवबर्ड्स विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ऑफिशियली मिस्टर एंड मिसेज बन चुके हैं। कपल करीब 8 सालों तक एक-दूजे को जानने-समझने के बाद सात जन्मों तक साथ रहने की कसमें खा ली। शादी के सभी फंक्शंस निपटाने के बाद एक्टर अपनी पत्नी को लेकर गृहनगर तेलंगाना के थुम्मनपेटा पहुंचे। कपल ने अपने नए घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सत्यनारायण की कथा और गृहप्रवेश की पूजा की।
इस दौरान विजय और रश्मिका ने परिवार के साथ-साथ पितरों को याद कर उनका आशीर्वाद लिया। गांव में हुई इस पूजा-पाठ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुईं। इस दौरान कपल की सादगी और पारंपरिक अंदाज ने फैंस का ध्यान खींच लिया।
विजय और रश्मिका को लेकर मामा का खुलासा
इस बीच विजय के मामा और बिग बेन सिनेमाज बैनर चलाने वाले प्रोड्यूसर यश रंगिनेनी ने अपने भांजे के जड़ों से जुड़ाव को जगजाहिर किया। उन्होंने बताया कि कैसे दुनिया ने विजय और रश्मिका के शादी से जुड़े सभी फंक्शंस की चमक-धमक वाली तस्वीरें देखीं, लेकिन उनके जड़ों से जुड़े उस गहरे और सादगीपूर्ण पक्ष को कम ही लोग जान पाए।
भांजे के बारे में बताते हुए हुए भावुक
यश रंगिनेनी की शेयर की गई तस्वीरों में विजय और रश्मिका नाना-नानी की कब्र पर सिर झुकाकर आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा कपल परिवार के साथ सादगी भरे अंदाज में दिखाई दिए। तस्वीरों को पोस्ट करते हुए यश रंगिनेनी ने लिखा- ‘दुनिया उनकी चमक देखती है। मैं उनकी विनम्रता देखता हूं, यही वो पहलू है जो मुझे सबसे ज्यादा पसंद है। ग्लैमर और तालियों के पीछे वो अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, हमारे गांव राकोंडा लौटकर नाना-नानी से आशीर्वाद लिया।’ कपल की सादगी और जड़ों से जुड़े रहने के भाव ने फैंस का दिल जीत लिया।
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी की बात करें तो, कपल 26 फरवरी 2026 को शादी के बंधन में बंधे। उन्होंने पहले उदयपुर के आईटीसी मेमेंटोस में तेलुगु रस्मों से शादी की, इसके बाद शाम को एक्ट्रेस की कोडावा परंपरा के मुताबिक एक-दूजे के हुए।
प्री-वेडिंग फंक्शन 23 और 24 फरवरी को हुए थे, जिसमें जापानी डिनर, पूल वॉलीबॉल और वीरोश प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच रखा गया था। इसके बाद 25 फरवरी को, हल्दी-मेहंदी और संगीत हुआ।
शादी के बाद रश्मिका और विजय ने 4 मार्च को हैदराबाद के ताज कृष्णा में रिसेप्शन रखा, जिसमें इंडस्ट्री के तमाम सेलेब्स ने शिरकत की। कपल को बधाई देने के लिए रिसेप्शन में अल्लू अर्जुन, राम चरण, नागार्जुन, करण जौहर, कृति सेनन, मृणाल ठाकुर समेत तमाम सितारे पहुंचे थे। अपनी नई जिंदगी की शुरुआत के बाद आशीर्वाद लेने के लिए उन्होंने 21 शहरों में मिठाई और खाना बांटा। 16 मंदिरों में अन्नदान कराया। कपल ने तिरुपति मंदिर में दर्शन कर अपनी नई जिंदगी की खुशहाली के लिए आशीर्वाद लिया।