Ram Charan On Father Chiranjeevi: देश के सबसे बड़े न्यूज इवेंट ‘रिपब्लिक समिट 2026’ (Republic Summit 2026) का शानदार आयोजन हुआ। इस इवेंट के मंच पर साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म के साथ-साथ अपने पिता और मेगास्टार चिरंजीवी से जुड़ी कई बेहद दिलचस्प और मजेदार बातें शेयर कीं।
राम चरण ने बताया कि 72 साल की उम्र में भी उनके पिता कितने सख्त अनुशासन का पालन करते हैं और फिटनेस को लेकर कितने जुनूनी हैं।
सुपरस्टार पिता का कड़ा अनुशासन
राम चरण ने बताया कि उनके पिता चिरंजीवी आज भी उन्हें फिटनेस और रूटीन को लेकर टोकते रहते हैं। उन्होंने पिता की दी हुई कुछ खास सलाहों का जिक्र किया। जैसे सुबह जल्दी उठो, रोज वर्कआउट करो, समय पर अपना नाश्ता करो और अपनी शूटिंग पर हमेशा समय से पहुंच जाओ।
मंच पर बात करते हुए राम चरण ने एक बड़ा ही मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा, “मेरे पिता 72 साल के हैं, लेकिन आज भी वो सुबह 5:30 बजे उठ जाते हैं। अपनी कॉफी पीते हैं और ठीक 6 बजे जिम में होते हैं।”
राम चरण ने हंसते हुए आगे बताया, “वहां से सुबह 6 बजे उनका मुझे फोन आता है और वो पूछते हैं- ‘तू जिम में नहीं है क्या?’ जब मैं उनसे कहता हूं कि ‘पापा आज मेरी छुट्टी है’, तो उनका जवाब होता है- ‘ठीक है, 7 बजे तक आ जा।’ वो आज भी मेरे पीछे पड़े रहते हैं।”
आखिर इस उम्र में इतनी मेहनत क्यों?
राम चरण ने बताया कि जब वो अपने पिता से पूछते हैं कि आप खुद को इतना थकाते क्यों हैं, तो चिरंजीवी का जवाब बहुत ही प्रेरणादायक होता है। चिरंजीवी कहते हैं, “मैं यह सब इसलिए करता हूं ताकि मेरा दिमाग एक्टिव रहे।”
राम चरण ने बताया कि उनके पिता को इसी तरह की लाइफस्टाइल पसंद है। उन्हें वर्कआउट करना अच्छा लगता है, वो अपने परिवार से बहुत प्यार करते हैं और अपना ज्यादातर समय अपने पोते-पोतियों के साथ बिताना चाहते हैं। चिरंजीवी का यह रूटीन वाकई इस बात का सबूत है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और अगर इंसान चाहे तो किसी भी उम्र में खुद को फिट और एक्टिव रख सकता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.