Raja Shivaji Box Office Collection: महान योद्धा छत्रपति शिवाजी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को दर्शकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। फिल्म में शिवाजी महाराज का किरदार रितेश देशमुख ने निभाया है। यह फिल्म हिन्दी और मराठी दो भाषाओं में रिलीज हुई है। हालांकि फिल्म के मराठी वर्जन को हिन्दी से ज्यादा दर्शक मिल रहे हैं। इस कारण मराठी वर्जन की कमाई भी हिन्दी से ज्यादा हो रही है। फिल्म ने पहले वीकेंड में तो बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन किया था लेकिन अब फिल्म कैसा कारोबार कर रही है, आइये जानते हैं।
रितेश देशमुख की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने छठे दिन बुधवार 6 मई को 4.25 करोड़ का नेट कारोबार किया है। इसमें 3 करोड़ अकेले फिल्म के मराठी वर्जन ने कमाए जबकी हिन्दी वर्जन 1.25 करोड़ ही कमा सकी। हालांकि बुधवार को देशभर में फिल्म के हिन्दी वर्जन के 3670 शो प्रदर्शित हुए जबकी मराठी के 1949 शो ही प्रदर्शित हो सकें।
‘राजा शिवाजी’ फिल्म ने शुक्रवार 11.35 करोड़ की जबरदस्त ओपनिंग ली थी। इस फिल्म से रितेश देशमुख ने अपनी पिछली सभी फिल्मों की ओपनिंग के रिकार्ड तोड़ दिए हैं। फिर शनिवार को फिल्म ने 10.55 करोड़ का कारोबार किया। लेकिन रविवार को दोनों दिन के रिकार्ड तोड़ते हुए ‘राजा शिवाजी’ ने 12 करोड़ की जबरदस्त कमाई की। फिर सोमवार को 5.60 करोड़, मंगलवार को 4.90 करोड़ और बुधवार को 4.25 करोड़ के साथ अब तक फिल्म कुल 48.65 करोड़ की कमाई कर चुकी है।
‘राजा शिवाजी’ फिल्म का बजट 100 करोड़ का है। ऐसे में फिल्म आज गुरुवार 7 मई को होने वाली कमाई के साथ अपनी लागत की आधी रकम निकाल लेगी। फिर वीकएंड पर फिल्म का अच्छा कलेक्शन रहेगा तो फिल्म तेजी से अपनी लागत निकाल सकेगी।
‘राजा शिवाजी’ मल्टी स्टार फिल्म है
बता दें कि ‘राजा शिवाजी’ (Raja Shivaji) एक मल्टी स्टार फिल्म है जिसमें रितेश देशमुख के साथ उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, विद्या बालन, बमन ईरानी, भाग्यश्री, सचिन खेडकर और फरदीन खान जैसे कलाकार हैं। फिल्म का निर्देशन रितेश देशमुख ने किया है तो वहीं निर्माण रितेश और जियो स्टूडियो की ज्योति देशपांडे ने साथ मिलकर किया है।