पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बिजली बिलों से जुड़ी रही। मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने कहा कि 63,702 उपभोक्ताओं को दोबारा बिल भेजे जाएंगे। मीटर रीडर्स की हड़ताल के दौरान इन उपभोक्ताओं को औसत खपत के आधार पर बिल भेजे गए थे।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. दोबारा आएंगे बिजली बिल, 63 हजार को 300 यूनिट फ्री मिलेगी
पंजाब में बिजली के ज्यादा बिल और 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सब्सिडी न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। सरकार ने ऐसे 63,702 उपभोक्ताओं की पहचान की है, जिन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पाया था।
बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध ने चंडीगढ़ में मंगलवार को बताया कि मीटर रीडर्स की हड़ताल के दौरान इन उपभोक्ताओं को औसत खपत के आधार पर बिल भेजे गए थे। इस वजह से मई और जून की 300 यूनिट तक की मुफ्त बिजली की सब्सिडी बिल में नहीं जुड़ पाई। अब इन सभी उपभोक्ताओं के बिल नए सिरे से तैयार किए जाएंगे। सरकार अगले तीन वर्किंग डे में नए बिल जारी करेगी और मई-जून की सब्सिडी का लाभ देगी। (पढ़ें पूरी खबर)
2. गोल्डी बराड़ बोला- लॉरेंस घड़े की मछली, उसे कभी भी मार सकता हूं

कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर पंजाबी गैंगस्टर आमने-सामने आ गए हैं। अमेरिका में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने एक ऑडियो जारी कर गैंगस्टर अर्श डल्ला को उसके आरोपों का जवाब दिया है। लॉरेंस के साथ लड़ाई पर गोल्डी बराड़ ने कहा कि दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी। अब उनके उसूल अलग हैं।
बराड़ ने कहा कि अगर लॉरेंस उसे नुकसान पहुंचा सकता है, तो वह भी उसका सामना करने के लिए तैयार है। दोस्तों के बीच दुश्मनी होने पर भी बात आमने-सामने होनी चाहिए। लॉरेंस जेल में है, घड़े की मछली है। अपने सर्वाइवल के लिए जो करना चाहता है, करे। उसकी अपनी स्ट्रैटजी है। वह मुझे मार सकता है। मैं भी जब चाहे किसी को भी मार सकता हूं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. मायावती का ऐलान- पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी BSP

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि BSP पंजाब में बिना किसी गठबंधन या समझौते के अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। पिछली बार बीएसपी का अकाली दल से गठबंधन था।
मायावती ने कहा कि गठबंधन से पार्टी को सीट और वोट प्रतिशत दोनों में नुकसान होता है और इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल भी प्रभावित होता है। मायावती ने मंगलवार को लखनऊ स्थित BSP के केंद्रीय कैंप कार्यालय में पंजाब के पार्टी पदाधिकारियों के साथ लंबी बैठक कर संगठन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।
4, AAP चेयरमैन की इनोवा दुकान में घुसी, मालिक की पसलियां टूटीं

जालंधर में मंगलवार को किया कार ने इनोवा गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद इनोवा अनियंत्रित होकर बीकानेर स्वीट्स शॉप में जा घुसी। बेकाबू गाड़ी ने दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी और सीढ़ियों की रेलिंग से टकराने के बाद रुकी।
एक्सीडेंट करने वाली इनोवा को आम आदमी पार्टी (AAP) के जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन लक्की रंधावा यूज करते हैं। हादसे के समय मिठाई दुकान के मालिक बाहर खड़े थे। इस दौरान इनोवा ने स्कूटी के साथ उन्हें भी टक्कर मार दी। उनकी पसलियों और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
5. केजरीवाल का BJP को चैलेंज, बोले- स्कूलों का जॉइंट इंस्पेक्शन कर लो

पंजाब में सरकारी स्कूलों की खराब हालत बताने पर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने BJP को चैलेंज किया है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात और पंजाब के 1-1 हजार स्कूलों की जॉइंट इंस्पेक्शन करते हैं, पूरा देश देखेगा कि कहां के स्कूलों की क्या हालत है?
केजरीवाल ने कहा कि जब से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) वालों ने BJP के राज्य में इनके स्कूलों की बुरी हालत दिखाई, तब से ये पंजाब के स्कूलों को बदनाम कर रहे हैं। बता दें कि AAP छोड़ भाजपा में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर व राज्यसभा के सांसद हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर पंजाब के एक स्कूल की दयनीय स्थिति दिखाई थी। हालांकि, वह वीडियो 2018 का निकला। (पढ़ें पूरी खबर)
6. दो महीने बाद फिर जेल से बाहर आया राम रहीम

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है। उसकी 21 दिन की फरलो मंजूर हुई है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजकर 5 मिनट पर वह रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला। उसके काफिले में दो लैंड क्रूजर, दो फॉर्च्यूनर, दो इनोवा और दो पुलिस एस्कॉर्ट वाहन शामिल थे। सुबह करीब 8 बजे वह सिरसा स्थित डेरे में पहुंचा।
राम रहीम को अगस्त 2017 में साध्वियों से यौन शोषण के मामले में सजा हुई थी। 9 साल में यह 17वीं बार है, जब वह पैरोल या फरलो पर जेल से बाहर आया है। इस साल जनवरी में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। इसके बाद 26 मई को 30 दिन की पैरोल दी गई। 30 दिन की पैरोल पूरी करने के बाद वह 25 जून को सुनारिया जेल वापस लौटा था। (पढ़ें पूरी खबर)
7. निगम मीटिंग में AAP और BJP पार्षद में हाथापाई

लुधियाना नगर निगम हाउस में मंगलवार को फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी(F&CC) के 2 मेंबरों के चुनाव के लिए रखी मीटिंग में हंगामा हो गया। मेयर इंदरजीत कौर की अगुआई में ये मीटिंग गुरुनानक देव भवन में रखी गई थी। इस दौरान आम आदमी पार्टी के पार्षद अश्वनी शर्मा और भाजपा पार्षद गौरवजीत गोरा में हाथापाई हो गई।
बाकी मेंबरों और पुलिस ने बीचबचाव कर दोनों को छुड़ाया। मेंबरों के चुनाव को लेकर भाजपा पार्षदों की विधायक दलजीत भोला से बहस हो रही थी। इससे गुस्से में आकर MLA भोला के PA रहे पार्षद अश्विनी शर्मा लड़ने के लिए पहुंच गए। (पढ़ें पूरी खबर)
8. 103 साल के दादा को ढोल-नगाड़ों के साथ अंतिम विदाई

मोगा में 103 के साल के बुजुर्ग का निधन होने के बाद परिवार ने ढोल-नगाड़ों के साथ अंमित यात्रा निकाली। पोते प्रेम सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता का देहांत कम उम्र में हो गया था। दादा ने उन्हें माता और पिता दोनों का प्यार दिया और जीवन के हर पड़ाव पर उनका साथ निभाया।
प्रेम सिंह के अनुसार, दादा ने उन्हें कभी माता-पिता की कमी महसूस नहीं होने दी। उन्होंने न केवल पोतों का पालन-पोषण किया, बल्कि हमेशा उनकी देखभाल करते हुए उन्हें पूरा प्यार और सहारा दिया। दादा मेहनत-मजदूरी के साथ-साथ सिलाई का काम भी करते थे। मात्र दस पैसे में सिलाई करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते रहे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. थाईलैंड की युवती नशे में फंसी, होटल की छत से कूदने की कोशिश की

लुधियाना में नशे की लत ने थाईलैंड की एक युवती की जिंदगी इस कदर बदल दी कि वह सड़क पर भटकने और खुदकुशी की कोशिश करने तक पहुंच गई। करीब डेढ़-दो साल पहले लुधियाना आई थी, यहां मसाज पार्लर में काम किया।
धीरे-धीरे उसे आइस (चिट्टा), भांग और शराब की लत लग गई। नशे के कारण उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई और वह कई बार सड़कों पर दौड़ती और लोगों से झगड़ती रही। होटल से नौकरी जाने के बाद वह सड़क पर रहने को मजबूर हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके..
10. रोपड़ की महिलाएं, फरीदकोट के पुरुष शराब पीने में आगे

पंजाब में नशे की समस्या के साथ अब बढ़ता मोटापा भी स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-6) 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार, 15-49 साल की 44.7% महिलाएं मोटापा या ओवरवेट की समस्या से जूझ रही हैं। NFHS-5 में यह आंकड़ा 40.8% था। इसी तरह 37.5% पुरुष ओवरवेट हैं, जबकि पिछली रिपोर्ट में यह 32.3% था।
इसके साथ ही 15 साल या उससे अधिक उम्र के 13.9% पुरुष किसी न किसी प्रकार के तंबाकू का इस्तेमाल करते हैं। NFHS-5 में यह 12.8% था। तंबाकू खाने में मोगा की महिलाएं सबसे आगे हैं, यहां यह आंकड़ा 1% है। जबकि पुरुषों में 20% के साथ पठानकोट आगे हैं। वहीं शराब पीने वालों का भी इस बार आंकड़ा बढ़ गया है। इस मामले में रूपनगर की महिलाएं सबसे आगे हैं, यहां यह आंकड़ा 0.9% हैं। जबकि पुरुषों में फरीदकोट आगे हैं, यहां पर यह आंकड़ा 28.1% है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.