25 अगस्त को लेकर Instagram से Telegram तक चलाए गए रहस्यमयी कैंपेन ने लाखों लोगों की उत्सुकता बढ़ाई और करोड़ों रुपये की कमाई हुई। आइए आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं।
24 अगस्त की रात हुआ बड़ा खुलासा
चैनल पर पहले सिर्फ एक लाइन दिखाई गई, “25 अगस्त को वापस आना, तुम्हें पछतावा नहीं होगा।” इसके बाद डेट नजदीक आने के साथ काउंटडाउन शुरू हो गया। 11 घंटे, 10 घंटे, 9 घंटे और फिर एक-एक घंटे का काउंटडाउन इंस्टाग्राम स्टोरी में पोस्ट किया गया। जैसे-जैसे समय कम होता गया, लोगों की उत्सुकता बढ़ती गई। 30 मिनट, 15 मिनट, 10 मिनट, 5 मिनट और आखिर में 60 सेकंड तक के पोस्ट किए गए।
क्रिएटर ने साथ ही @August25_2026 नाम से Telegram चैनल भी बनाया था और वहां भी लगातार ऐसे ही काउंटडाउन पोस्ट किए जा रहे थे। आखिरी स्टोरी में इंस्टाग्राम यूजर्स को टेलीग्राम चैनल का लिंक दिया गया और वहां एक वीडियो पोस्ट किया गया है।
टेलीग्राम चैनल की मदद से कमाई
खास बात यह थी कि टेलीग्राम चैनल में जुड़ने के बाद वीडियो देखने के लिए यूजर्स को भुगतान करना था। टेलीग्राम पर यूजर्स को स्टार खरीदने होते हैं और इस चैनल का हिस्सा बनकर वीडियो देखने के लिए कम से कम 250 स्टार खरीदने पड़ते, जिनकी कीमत 500 रुपये के करीब थी। वीडियो में क्या है और काउंटडाउन किसलिए किया जा रहा था, जानने के लिए सैकड़ों या हजारों नहीं, बल्कि लाखों लोगों ने भुगतान किया। इस टेलीग्राम चैनल के 1.8 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि अब तक करीब 8 लाख लोग टेलीग्राम पर पोस्ट किया गया वह वीडियो देख चुके हैं, जिसे देखने के लिए कम से कम 502.99 रुपये का भुगतान करना पड़ता है। यानी कुल 8 लाख लोगों ने इतनी बड़ी रकम का भुगतान वीडियो देखने के लिए किया, यानी कुल 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई क्रिएटर ने अपने खास कैंपेन के साथ कर ली। हालांकि, यह आंकड़ा फॉलोअर्स और व्यूअर्स के आधार पर सामने आया है और आधिकारिक रूप से वेरिफाइड नहीं है।
आखिर वीडियो में क्या दिखाया गया?
क्रिएटर ने वीडियो के साथ लिखा कि यह वीडियो केवल 25 अगस्त को उपलब्ध रहेगा और फिर इसे डिलीट कर दिया जाएगा। 17 मिनट 55 सेकेंड के इस वीडियो में समय का महत्व बताया गया है और कहा गया है कि हम सब अपना वक्त बर्बाद कर रहे हैं। आसान भाषा में बताएं तो यह एक मोटीवेशन वीडियो है और इसमें कुछ भी ऐसा खास नहीं है, जिसके लिए बड़ी रकम खर्च की जाए। यानी क्रिएटर ने एक सिंपल से वीडियो के लिए लोगों को लुभाया और करोड़ों की कमाई कर ली। आप पूरा वीडियो नीचे देख सकते हैं।
मजेदार बात यह है कि लोग बेवकूफ जरूर बने क्योंकि वीडियो उनकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा लेकिन यह किसी तरह का स्कैम नहीं है और पूरी तरह लीगल है। लोगों ने सभी फैसले अपनी समझ से लिए और उन्हें किसी तरह से ठगा नहीं गया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.