अधिकारी के मुताबिक, सिया और चेतन ने एक-दूसरे के साथ भागने के बजाय केतन की हत्या का फैसला किया, क्योंकि उन्हें डर था कि भागने से उनके परिवारों की बदनामी होगी।
उन्होंने कहा, “शुरू में सिया और चेतन ने एक-दूसरे पर दोष मढ़ने की कोशिश की, जो पूछताछ के दौरान अपराधियों के लिए आम बात है। हालांकि, आखिरकार सिया ने मान लिया कि उसने ही साजिश रची थी और चेतन भी उस योजना में शामिल था।”
अधिकारी के अनुसार, चेतन ने शुरू में दावा किया कि वह किले में मौजूद था, लेकिन उस जगह पर नहीं गया, जहां से केतन को खाई में धकेला गया था और उसे नहीं पता कि वहां वास्तव में हुआ क्या था।
उन्होंने बताया, “हालांकि, यह साफ था कि वह झूठ बोल रहा है। आखिरकार दोनों ने अपराध में अपनी-अपनी भूमिका स्वीकार कर ली और घटनाक्रम का पूरा ब्योरा दिया।”
इसे भी पढ़ें: Ketan Agarwal Murder Case | शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी सिया गोयल, मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या के पीछे सामने आया ‘नया मकसद’
अधिकारी ने कहा, “तय योजना के तहत सिया (20) को बैठकर इशारा करना था, जिसके बाद चेतन (22) को आगे आना था और केतन को खाई में धक्का देना था। उन्होंने योजना को बिल्कुल वैसे ही अंजाम दिया।”
उन्होंने कहा, “सिया और चेतन ने हमें बताया है कि क्या हुआ था और कैसे हुआ था। केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसके साथ क्या होने वाला है। वह कुछ भांप पाता, उससे पहले ही उसे खाई में धकेल दिया गया।”
पुलिस ने पहले कहा था कि सिया पहले भी केतन को दो बार लोहागढ़ किले ले गई थी और उसे मारने की कोशिश की थी, लेकिन हर बार योजना नाकाम रही।
सिया और केतन की सगाई फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर में एक भव्य समारोह में दोनों की शादी होनी थी, जिसके लिए एक महल बुक किया गया था।
सिया के पिता ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केतन के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को-भले ही वह उनकी अपनी बेटी ही क्यों न हो-उसी तरह किले से खाई में धक्का दे दिया जाना चाहिए, जिस तरह केतन को धकेला गया था।
सिया के पिता ने कहा, “केतन मेरे बेटे जैसा था और उसकी मौत ने हम दोनों परिवारों को बुरी तरह से तोड़ दिया है। हम जोर-शोर से शादी की तैयारी कर रहे थे। जो कुछ भी हुआ है, वह बेहद दुखद है। आज भी हमें इस बात पर यकीन नहीं हो पा रहा।”
इसे भी पढ़ें: Pune Ketan Agarwal Murder Case में बड़ा खुलासा, मंगेतर ने प्रेमी के साथ इस तरह दिया साजिश को अंजाम
उन्होंने केतन के पिता के इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि लड़की के परिवार ने उनसे कुछ बातें छिपाई थीं।
सिया के पिता ने कहा कि उन्हें रिश्ते में किसी भी तरह की परेशानी या अपनी बेटी के किसी तीसरे व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग के बारे में कोई भनक तक नहीं थी।
उन्होंने कहा कि सिया एक “सीधी-सादी लड़की” थी, जो अपनी शादी को लेकर हमेशा बहुत खुश और उत्साहित दिखती थी।
डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.