पटना, चार सितंबर बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिश कुमार ने शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और अन्य नेताओं के साथ पटना स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। उन्होंने भगवान का अभिषेक किया और झूला भी झुलाया।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने बिहारवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण के पावन प्राकट्य दिवस जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर बिहार और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मेरी प्रार्थना है कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे और विकसित एवं सशक्त राष्ट्र बने।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा और अन्य नेताओं के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं। आइए, भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के आदर्श को आत्मसात करने का संकल्प लें।
मैं सभी के सुख, समृद्धि और सफलता की प्रार्थना करता हूं।”
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पटना के मिलर स्कूल मैदान में ‘यूथ एलायंस फॉर सोशल हार्मनी एंड एनवायरमेंट’ (याशे) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कृष्णोत्सव के समापन समारोह में भाग लिया और लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। ‘याशे’ सामाजिक उद्यमी सायन कुणाल और उनकी पत्नी तथा समस्तीपुर से लोकसभा सदस्य शांभवी चौधरी के नेतृत्व वाला एक सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन है। नवीन ने कहा, “जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर मैं सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
बिहार में भय के वातावरण की जगह अब आनंद और उत्सव का माहौल है, इसलिए विभिन्न संगठन धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।”
उन्होंने लोगों से भगवान श्रीकृष्ण के उस संदेश को अपनाने का आह्वान किया, जिसमें कर्म पर ध्यान देने और फल की चिंता न करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलकर लोग राज्य और देश के विकास में योगदान दे सकते हैं। विशेषकर युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटना चाहिए।”
इससे पहले दिन में राज्यपाल सैयद अता हसनैन, निशांत कुमार और बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी इस्कॉन मंदिर पहुंचकर जन्माष्टमी उत्सव में भाग लिया।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.