नई इनोवा हाइक्रॉस को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है, जिससे इसके डिजाइन और फीचर्स में होने वाले बदलावों का अंदाजा लगाया जा सकता है। माना जा रहा है कि अपडेटेड मॉडल में सिर्फ लुक ही नहीं, बल्कि केबिन और सेफ्टी फीचर्स में भी कई बदलाव देखने को मिलेंगे।
नया डिजाइन देगा फ्रेश लुक
टेस्टिंग के दौरान दिखी नई इनोवा हाइक्रॉस पूरी तरह कैमोफ्लाज में छिपी थी, इसलिए इसके डिजाइन की पूरी जानकारी सामने नहीं आ पाई है। हालांकि, माना जा रहा है कि इसमें नई हनीकॉम्ब पैटर्न वाली ग्रिल दी जा सकती है, जो नए Toyota Hilux से मिलती-जुलती हो सकती है। इसके अलावा नई हाइक्रॉस में नए डिजाइन के हेडलैंप और टेललैंप, दोनों तरफ बदले हुए बंपर और नए अलॉय व्हील्स भी दिए जा सकते हैं।
केबिन में मिलेंगे नए फीचर
बाहरी बदलावों के साथ इनोवा हाइक्रॉस के इंटीरियर को भी अपडेट किए जाने की उम्मीद है। इसमें 12.3-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसके अलावा नया डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील और पहले से ज्यादा ADAS फीचर्स भी मिल सकते हैं। मौजूदा मॉडल में मिलने वाले 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेशन और मेमोरी फंक्शन के साथ पावर्ड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जिंग और JBL साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स नए मॉडल में भी जारी रह सकते हैं। इसके अलावा टोयोटा डैशबोर्ड लेआउट में बदलाव और नया इंटीरियर कलर थीम भी दे सकती है।
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव
नई इनोवा हाइक्रॉस के इंजन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और 2.0-लीटर पेट्रोल हाइब्रिड इंजन ऑप्शन ही ऑफर किए जा सकते हैं। पेट्रोल इंजन के साथ CVT गियरबॉक्स और हाइब्रिड मॉडल में e-CVT ट्रांसमिशन मिलता रहेगा।
लॉन्च और कीमत
टोयोटा ने अभी अपडेटेड इनोवा हाइक्रॉस की लॉन्च डेट को कन्फर्म नहीं किया है। हालांकि, लगातार टेस्टिंग को देखते हुए माना जा रहा है कि इसे 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। फिलहाल टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस की कीमत मुंबई में करीब 23.62 लाख रुपये से 40.13 लाख रुपये (ऑन-रोड) के बीच है। अपडेट के बाद इसकी कीमत में करीब 75,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है। बताते चलें कि टोयोटा अपनी नेक्स्ट जेनरेशन फॉर्च्यूनर पर भी काम कर रही है। यह भी बहुत जल्द इंडियन मार्केट में एंट्री कर सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.