बजाज ऑटो ने नई जेनरेशन Pulsar 125 और Pulsar 150 को लॉन्च कर दिया है। दोनों मोटरसाइकिलों में कंपनी नए इंजन, मोनोशॉक रियर सस्पेंशन, LED लाइटिंग और कनेक्टेड इंस्ट्रूमेंट कंसोल जैसे कई बड़े अपडेट ऑफर कर रही है।
नए इंजन के साथ ज्यादा लो-एंड टॉर्क
नई पल्सर 125 और पल्सर 150 में बिल्कुल नए इंजन दिए गए हैं, जिन्हें बेहतर रिफाइनमेंट, परफॉर्मेंस और एफिशिएंसी के लिए डिवेलप किया गया है। पल्सर 125 का इंजन 12 PS की पावर और 11.4 Nm का टॉर्क देता है। वहीं, पल्सर 150 का इंजन 14 PS और 14.1 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बजाज के मुताबिक दोनों इंजन 3,000rpm के बाद अपने मैक्सिमम टॉर्क का करीब 85 फीसदी ऑफर करते हैं, जिससे शहर में कम स्पीड पर बाइक चलाना और ओवरटेक करना आसान होगा।
पहली बार मिली क्रॉल टेक्नोलॉजी
नई पल्सर 125 और 150 की सबसे खास टेक्नोलॉजी में क्रॉल टेक शामिल है। बजाज का दावा है कि यह 125cc और 150cc सेगमेंट में पहली ऐसी तकनीक है। इसकी मदद से बाइक बिना थ्रॉटल दिए कम स्पीड पर आगे बढ़ सकती है, जिससे ट्रैफिक में बार-बार क्लच और एक्सीलरेटर का इस्तेमाल करने की जरूरत कम हो जाती है। पल्सर 125 पहली गियर में करीब 5kmph से लेकर पांचवीं गियर में 25kmph तक बिना थ्रॉटल इनपुट के चल सकती है। वहीं, पल्सर 150 पहली गियर में करीब 10kmph और पांचवीं गियर में 30kmph तक की स्पीड बनाए रख सकती है।
डिजाइन और फीचर्स
दोनों बाइक्स में नया LED हेडलैंप, अपडेटेड फ्यूल टैंक एक्सटेंशन, नया टेललैंप और नए ग्रैब रेल्स दिए गए हैं। पल्सर 150 में शार्पर टैंक एक्सटेंशन, एक्सपोज्ड चेसिस एलिमेंट्स और नया एग्जॉस्ट भी मिलता है। दोनों मोटरसाइकिलों में पुराने ट्विन-शॉक सेटअप की जगह अब मोनोशॉक रियर सस्पेंशन दिया गया है।
हाई वेरिएंट में 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है, जिसमें गूगल नैविगेशन का सपोर्ट मिलता है। यह Android और iOS स्मार्टफोन से स्क्रीन शेयर कर सकता है। इसमें रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और इंश्योरेंस जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स की डिजिटल कॉपी भी सेव की जा सकती है। इसके अलावा लाइव कॉल और मैसेज अलर्ट, म्यूजिक कंट्रोल और कई कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं। लोअर वेरिएंट में कलर्ड LCD इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। ज्यादातर वेरिएंट में USB Type-C चार्जिंग स्टैंडर्ड है, जबकि बेस पल्सर 125 में यह ऑप्शनल है।
बजाज पल्सर 150 की कीमत और वेरिएंट
नई पल्सर 150 को सिंगल डिस्क और ट्विन डिस्क वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। पल्सर 150 सिंगल डिस्क की कीमत 1,15,233 रुपये है। इसमें सिंगल-पीस सीट, कलर्ड LCD, मोनोशॉक, क्रॉल टेक, LED हेडलैंप और USB Type-C चार्जिंग मिलती है। पल्सर 150 ट्विन डिस्क सिंगल सीट की कीमत 1,22,184 रुपये, जबकि ट्विन डिस्क स्प्लिट सीट की कीमत 1,23,187 रुपये है। ट्विन डिस्क वेरिएंट में 5-इंच TFT, गूगल मैप्स नेविगेशन, LED इंडिकेटर्स, Hazard Lights और ISG जैसे अडिशनल फीचर्स मिलते हैं।
पल्सर 125 की कीमत
नई पल्सर 125 बेस की कीमत 92,990 रुपये है। इसमें सिंगल सीट, कलर्ड LCD, मोनोशॉक, क्रॉल टेक और LED हेडलैंप मिलते हैं। स्टैंडर्ड सिंगल सीट की कीमत 99,291 रुपये, जबकि स्टैंडर्ड स्प्लिट सीट की कीमत 1,00,288 रुपये है। रेंज-टॉपिंग प्रीमियम स्प्लिट सीट वेरिएंट की कीमत 1,04,318 रुपये रखी गई है। मिड और टॉप वेरिएंट में 5-इंच TFT, राइड मोड्स, LED इंडिकेटर्स, हजार्ड लाइट्स, ISG और USB Type-C चार्जिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.