(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, दो अगस्त नेपाल के मधेश और कोशी प्रांत के विभिन्न हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात में सुधार आने पर प्राधिकारियों ने रविवार को कई क्षेत्रों में लागू कर्फ्यू में ढील दी। भारत से सटे कोशी प्रांत के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक झड़पों के बाद शुरू हुई हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू, निषेधाज्ञा लागू की और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
यह हिंसा 26 जुलाई को उस समय शुरू हुई थी, जब अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रहे दो समुदायों के बीच लाउडस्पीकर के इस्तेमाल और धार्मिक झंडे लगाने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद हिंसा आसपास के इलाकों में भी फैल गई। प्राधिकारियों के अनुसार, सुनसरी जिले में दो और सिराहा जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई।
सप्तरी जिले के सहायक मुख्य जिला अधिकारी नरेश कुमार यादव ने बताया कि सुरक्षा स्थिति में सुधार को देखते हुए कर्फ्यू हटा लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब केवल सप्तरी जिले के दो क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू रहेगी, जिनमें राजबिराज नगरपालिका भी शामिल है। इसी तरह धनुषा जिले में सुरक्षा स्थिति में सुधार के बाद शनिवार से कर्फ्यू हटा लिया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर निषेधाज्ञा लागू की गई है।
पर्सा जिला प्रशासन कार्यालय की अधिसूचना के अनुसार, पर्सा जिले में केवल रात के समय निषेधाज्ञा लागू रहेगी। इसके अनुसार वीरगंज महानगर के कुछ हिस्सों में शाम पांच बजे से सुबह छह बजे तक सार्वजनिक सभाओं और चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। सिराहा जिले में भी कुछ क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया है, जबकि कुछ इलाकों में इसमें ढील दी गई है।
इस बीच, विभिन्न समुदायों के बीच धार्मिक सौहार्द, एकता और भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से मधेश प्रांत के कई हिस्सों में शांति रैलियां आयोजित की गईं। एक अन्य घटनाक्रम में, गृह मंत्री सुधन गुरूंग की पहल पर धनुषा जिले के जनकपुरधाम में सरकार और एक धार्मिक संगठन के बीच 13 सूत्री समझौता हुआ। इस समझौते का उद्देश्य आपसी सौहार्द और एकता बनाए रखना तथा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को समाप्त करना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.