Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के नए सनसनी बन चुके 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों हर तरफ छाए हुए हैं। घरेलू क्रिकेट से लेकर आईपीएल तक अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले इस युवा खिलाड़ी को आखिरकार चयनकर्ताओं ने टीम इंडिया में शामिल कर लिया है। आगामी आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे और एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय टी20 टीम में वैभव को जगह दी गई है।
उनकी इस शानदार कामयाबी पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी तारीफ की और कहा कि वैभव ने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर जबरदस्ती टीम में अपनी जगह बनाई है। IPL 2026 में इस युवा ओपनर ने बल्ले से तबाही मचाते हुए कुल 776 रन ठोक दिए थे, जिसके बाद उन्हें नजरअंदाज करना नामुमकिन था।
राजस्थान रॉयल्स ने मजेदार वीडियो शेयर कर दी बधाई
टीम इंडिया में चयन होने के बाद वैभव सूर्यवंशी की आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें बेहद अनोखे और मजेदार अंदाज में बधाई दी है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वैभव एक छोटे साइकिल जैसे किसी चीज पर सवार होकर होटल की लॉबी में जाते हुए दिख रहे हैं।
तभी अचानक उन्हें कोई रोकता है और कहता है कि ‘रुको भाई, आगे नाकाबंदी है, अपना नाम बताओ।’ इस पर 15 साल के इस खिलाड़ी ने बड़े ही एटीट्यूड और स्वैग के साथ जवाब दिया, ‘मुझे नाम बताने की जरूरत नहीं है।’ इसके तुरंत बाद वीडियो में उनकी टी-शर्ट टीम इंडिया की जर्सी में बदल जाती है। फैंस को वैभव का यह मजाकिया और आत्मविश्वास से भरा अंदाज बेहद पसंद आ रहा है।
क्रिकेट की दुनिया में मचा रहे तबाही
वैभव सूर्यवंशी ने साल 2025 में अपने IPL डेब्यू के बाद से ही लगातार धमाकेदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत को चैंपियन बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके बाद IPL 2026 में भी उनका जलवा बरकरार रहा। राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ में पहुंचाने में वैभव का योगदान सबसे खास था।
IPL के एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने महज 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेली थी। हालांकि, वह सिर्फ 3 रन से क्रिस गेल के साल 2013 के सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए, लेकिन उन्होंने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा 69 छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड जरूर अपने नाम कर लिया। अब हर किसी की नजरें उनके इंटरनेशनल डेब्यू पर टिकी हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.