MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी का आज 7 जुलाई को जन्मदिन है और वो अब 44 वर्ष के हो गए हैं। एमएस धोनी भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर ही नहीं बल्कि देश के सबसे सफल कप्तान भी हैं। अब भले ही वो भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने करियर में ऐसे रिकार्ड बनाए हैं जो शायद ही कभी कोई और तोड़ पाए।
सबसे ज्यादा समय तक कप्तान बने रहने का रिकार्ड
महेंद्र सिंह धोनी के नाम सबसे लंबे समय तक भारतीय टीम का कप्तान बने रहने का रिकार्ड है। उन्होंने साल 2007 से 2017 तक लगभग 10 वर्षों तक भारतीय टीम के वन डे, टेस्ट और टी20 तीनों फॉर्मेट की कप्तानी की। उन्होंने इस दौरान कुल 332 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का नेतृत्व किया। इनमें से भारत ने 178 मुकाबले जीते और 120 हारे जबकि 6 मैच टाई और 15 मैच ड्रॉ रहे।
सभी ICC ट्रॉफी जिताने वाले इकलौते कप्तान
एमएस धोनी ना सिर्फ भारत के बल्कि दुनिया के इकलौते ऐसे कप्तान हैं जिसने आईसीसी की तीनों ट्रॉफी जीती हो। धोनी ने 2007 में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीता था। फिर माही ने सन 2011 में 28 वर्षों बाद भारत को वन डे विश्व कप जिताने का शानदार काम किया। इसके बाद वर्ष 2013 में धोनी ने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीत कर ये रिकार्ड बना लिया था।
विकेट कीपर रहते हुए सबसे ज्यादा रन बनाना
धोनी एक विकेटकीपर-बल्लेबाज रहते हुए किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने हुए हैं। उन्होंने वर्ष 2005 में श्रीलंका के खिलाफ जयपुर में 183 रन की नाबाद पारी खेली थी। धोनी ने अपनी इस पारी में 10 छक्के और 15 चौके लगाए थे। बता दें कि एमएस ने ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर और बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट का यह रिकार्ड तोड़ा था जिन्होंने एक मैच में 172 रन बनाए थे।
सबसे तेज स्टम्पिंग का रिकॉर्ड
एमएस धोनी की फुर्ती के तो सब कायल रहते हैं फिर चाहे वो रन लेने के लिए दौड़ते हो या विकेट के पीछे रहकर बिजली की रफ्तार से स्टम्पिंग करना हो। यही कारण है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज स्टम्पिंग का रिकॉर्ड भी धोनी के नाम है। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाड़ी कीमो पॉल को मात्र 0.08 सेकेंड में स्टम्प आउट किया था।
सबसे ज्यादा स्टम्पिंग का रिकॉर्ड
इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी के नाम सबसे ज्यादा स्टम्पिंग का रिकॉर्ड भी दर्ज है। धोनी ने अपने करियर में 538 मुकाबलों में कुल 195 खिलाड़ियों को स्टम्प आउट किया है। गौरतलब है कि माही ने वनडे में 120, टेस्ट में 38 और टी20 में 34 बार खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.