भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक खास सम्मान मिलने वाला है। उन्हें बंगाल क्रिकेट संघ 100 प्रथम श्रेणी मैच खेलने की खास उपलब्धि मिलने पर शनिवार को चेन्नई में सम्मानित करेगा।
पूर्वी क्षेत्र के मुख्य खिलाड़ी शमी ने अपनी टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने मध्य क्षेत्र के खिलाफ पांच विकेट लिए थे।
शमी ने अब तक 99 प्रथम श्रेणी मैच में 382 विकेट लिए हैं। किसी एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर आठ विकेट लेना है।
सम्मान समारोह के अवसर पर शमी को सीएबी अध्यक्ष सौरव गांगुली के ऑटोग्राफ वाली क्रिकेट गेंद, 100 नंबर वाली विशेष जर्सी और एक चांदी की थाली भेंट की जाएगी। शमी को सीएबी के कोषाध्यक्ष संजय दास सम्मानित करेंगे। दास ने पीटीआई से कहा, ”शमी बंगाल क्रिकेट का गौरव और महान खिलाड़ी हैं। एक महत्वपूर्ण उपलब्धि पूरी होने पर राज्य संघ की ओर से उनके लिए यह एक छोटा सा सम्मान है।”
शमी फिलहाल भारतीय राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं और उन्होंने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। यह अनुभवी तेज गेंदबाज हालांकि घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और राष्ट्रीय टीम में वापसी की कवायद में लगा हुआ है।
घरेलू क्रिकेट से इतर मोहम्मद शमी का करियर
घरेलू प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस खास उपलब्धि के अलावा मोहम्मद शमी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपना लोहा मनवाया है। वे भारतीय टीम में अपनी वापसी की उम्मीदें अब भी संजोए बैठे हैं। उन्होंने अपने करियर में अब तक कुल 64 टेस्ट मैच, 108 वनडे मैच और 25 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में कुल 229 विकेट लिए हैं। वनडे क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन दमदार है। उन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में 206 विकेट हासिल किए हैं। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने 27 विकेट हासिल किए हैं। मोहम्मद शमी 2027 विश्व कप की सोच का हिस्सा हैं या नहीं इसको लेकर चयनकर्ताओं ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि, फिट रहने के बावजूद उन्हें भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए लगातार नजरअंदाज करना इस बात को दर्शाता है कि बोर्ड और मौजूदा टीम मैनेजमेंट अब उनसे आगे की सोच रख रहा है। मोहम्मद शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2023 में खेला था। वनडे और टी-20 टीम में वे 2025 में नजर आए थे। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में उनके दमदार प्रदर्शन को क्रिकेट प्रशंसकों द्वारा आज भी याद किया जाता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.