भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। अधिसूचना के मुताबिक, खाली सीटों पर 8 जून 2026 तक नामांकन किए जा सकते हैं। 9 जून को जांच के बाद 11 जून तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे। 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। काउंटिंग के बाद उसी दिन रिजल्ट घोषित किया जा सकता है। नामांकन से लेकर परिणाम तक का शेड्यूल मध्य प्रदेश से इन नेताओं का कार्यकाल हो रहा खत्म मध्य प्रदेश से राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो रहा है। इनमें कांग्रेस के दिग्विजय सिंह जबकि बीजेपी से केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन और डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी शामिल हैं। सोलंकी 2020 में राज्यसभा सांसद चुने गए थे जबकि कुरियन को ज्योतिरादित्य सिंधिया की सीट पर उपचुनाव में उतारा गया था। वे केंद्र सरकार में मंत्री हैं। दिग्विजय सिंह इस बार चुनाव लड़ने से मना कर चुके हैं। उनकी सीट पर कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम कमलनाथ, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव, सज्जन सिंह वर्मा के नाम रेस में हैं। कांग्रेस के लिए संख्याबल जुटाना चुनौती कांग्रेस के लिए मुश्किल यह है कि दतिया विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता जा चुकी है। विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा राज्यसभा चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे। बीना विधायक निर्मला सप्रे बीजेपी और कांग्रेस के बीच झूल रही हैं। ऐसे में वो किस दल के पक्ष में मतदान करेंगी, फिलहाल निश्चित नहीं है। भारती की सदस्यता जाने के बाद संख्याबल के हिसाब से विधानसभा में बीजेपी के 164, कांग्रेस के 64 जबकि एक भारत आदिवासी पार्टी के विधायक हैं। एक सीट रिक्त है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.