किचन में खाना बनाते समय तेल और मसालों के छींटों की वजह से फर्श जल्दी गंदा और चिपचिपा हो जाता है। अगर रोज पोछा लगाने के बाद भी टाइल्स की चमक वापस नहीं आ रही है, तो पोछे के पानी में इन 2 चीजों को मिलाकर देखें।
1. सफेद सिरका और बेकिंग सोडा मिलाएं
आपको आधी बाल्टी पानी लेना है, अगर आप पानी गुनगुना कर सकते हैं तो परफेक्ट रहेगा। अब आपको इसमें 2-3 ढक्कन सफेद सिरका और 1-2 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाना है। बस फिर पानी को अच्छे से घोल लें और इसमें कपड़ा डालें। फिर कपड़ा पानी में डालकर उसे निचोड़कर फर्श पर पोछा लगाएं। आपको इस पानी से ज्यादा रगड़ना नहीं पड़ेगा और टाइल्स से चिपचिपापन और गंदगी भी साफ हो जाएगी। पोछा लगाने के बाद उसे सूखने का समय दें, अगर उसके बाद आप चलेंगे तो पैरों के निशान पड़ जाएंगे।
2. नमक-नींबू का रस मिलाने से दूर होंगे बैक्टीरिया
अगर आपके किचन की टाइल्स से बदबू आ रही है या फिर गंदगी से बैक्टीरिया, कीड़े हो रहे हैं, तो गुनगुने पानी में 3-4 चम्मच नमक और 2 नींबू का रस मिला दें। इस पानी को 10 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दीजिए, ऐसा करने से नमक अच्छे से मिक्स हो जाएगा। फिर आप किसी साफ कपड़े से पोछा लगाएं। नमक में मौजूद गुण फर्श के जर्म्स को खत्म कर देंगे और नींबू से बदबू से राहत मिलेगी।
कितनी बार करें सफाई?
अगर आपके किचन में ज्यादा काम होता है और फर्श जल्दी गंदी हो जाती है, तो आप सुबह-शाम पोछा मार सकते हैं। इसके अलावा हफ्ते में एक बार फर्श की थोड़ी गहरी सफाई करने से जमी हुई चिकनाई को हटाने में मदद मिलेगी।
इन बातों का रखें ध्यान
आप घरेलू तरीकों से पोछा लगा सकते हैं, अगर कोई साबुन या डिटर्जेंट लिक्विड का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसकी मात्रा बहुत ज्यादा न डालें। फर्श पर साबुन की परत रह सकती है और फिसलन बढ़ सकती है। किसी भी नए क्लीनिंग सॉल्यूशन को इस्तेमाल करने से पहले टाइल्स के छोटे और कम दिखाई देने वाले हिस्से पर टेस्ट कर लें। साथ ही सिरका, ब्लीच, सोडा को किसी अन्य केमिकल के साथ मिलाकर पोछा न लगाएं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.