May Box Office Report Explained: बॉक्स ऑफिस पर मई महीने में रीजनल फिल्मों ने दबदबा कायम रखा है. 2026 में ‘धुरंधर’ के चलते बॉलीवुड का जलवा रहा लेकिन जैसे ही ये फिल्म थियेटर से हटी, बॉलीवुड के खराब दिन शुरु हो गए. मई के बॉक्स ऑफिस के आंकड़े तो यही बता रहे हैं. मई में रिलीज सारी हिंदी फिल्में फ्लॉप रहीं. वहीं, साउथ सिनेमा का एकतरफा राज रहा. मराठी सिनेमा ने अब तक सबसे अच्छा ग्रोथ दिखाया. आपको बताते हैं कि मई महीने में किस फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई की, टॉप 10 में कौन-कौन सी फिल्में रहीं.
मई महीने में बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई हुई?
ऑरमैक्स मीडिया ने मई 2026 की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट जारी की है. इस रिपोर्ट के मुताबिक मई में डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 1138 करोड़ का टोटल कलेक्शन हुआ है. इस कलेक्शन के साथ जनवरी से मई तक बॉक्स ऑफिस पर 5373 करोड़ की कमाई हो चुकी है. पिछले साल 2025 की तुलना में ये कमाई 12% ज्यादा है.
मई 2026 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप-10 फिल्में
मई में बॉक्स ऑफिस पर साउथ स्टार सूर्या की तमिल फिल्म ‘करुप्पु’ नंबर 1 पर है. मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने दूसरे नंबर पर कब्जा जमाया है. तीसरे नंबर पर मराठी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ है और अंग्रेजी हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ ने भी शानदार कलेक्शन के साथ चौथे नंबर पर है.
टॉप 10 में जो फिल्में शामिल हुई हैं उनमें से तीन मलयालम, दो तमिल, दो इंग्लिश, दो मराठी और दो हिंदी फिल्में शामिल हैं.
ये हैं मई में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में (डोमेस्टिक ग्रॉस कलेक्शन)
1. करुप्पु : 229 करोड़
2. दृश्यम 3 : 133 करोड़
3. राजा शिवाजी : 113 करोड़
4. ऑब्सेशन : 102 करोड़
5. देऊळ बंद 2 : 90 करोड़
6. ब्लास्ट : 68 करोड़
7. पति पत्नी और वो दो : 60 करोड़
8. कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट : 44 करोड़
9. अतिराड़ी : 44 करोड़
10. पैट्रियट : 37 करोड़
मई में ‘करुप्पु’ और ‘दृश्यम 3’ का रहा जलवा
सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ मई की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी है. तमिल में बनी ये फिल्म 12 मई को थियेटर में रिलीज हुई और करीब 34 दिनों तक चली. 130 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस 229 करोड़ का कलेक्शन करके ब्लॉकबस्टर बन गई. वहीं, वर्ल्डवाइड 309.13 करोड़ का कलेक्शन किया.

सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे नंबर पर है मलयामल फिल्म ‘दृश्यम 3’ जिसने वर्ल्डवाइड 239 करोड़ का कलेक्शन किया है. इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ ने 110 करोड़ का नेट कलेक्शन किया और ग्रॉस कलेक्शन 133 करोड़ कमाए.
मई में मराठी ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाया
मई महीने में सबसे अच्छी ग्रोथ मराठी सिनेमा की रही है जिसने अकेले ही 172 करोड़ कमा लिए हैं. इस कमाई में रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ और ‘देउल बंद 2’ सबसे ज्यादा कमाने वाली फिल्में साबित हुई हैं.

‘राजा शिवाजी’ फिल्म हिंदी में भी रिलीज हुई लेकिन मराठी ने बंपर कमाई की. ‘राजा शिवाजी’ ने वर्ल्डवाइड 130 करोड़ कमाई के साथ इतिहास रच दिया. ये फिल्म अब मराठी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है.
वहीं, दूसरी मराठी फिल्म है ‘देउल बंद 2’ जिसने अब तक डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर ग्रॉस 90 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है.
हॉलीवुड फिल्म ने की बंपर कमाई
हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ को इंडियन ऑडियंस ने खूब पसंद किया. इसने ने इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 102 करोड़ का शानदार ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन किया. इसके साथ ही ये उन चार फिल्मों में शामिल हो गई जिन्होंने इस महीने 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया.
बॉलीवुड की सारी फिल्में फ्लॉप रहीं
मई में बॉलीवुड की 8 हिंदी फिल्में मई महीने में रिलीज हुईं जो कुल मिलाकर 150 करोड़ भी नहीं कमा पाईं. इन फिल्मों में आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साईं पल्लवी फिल्म ‘एक दिन’ है. ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’ है जिसे अच्छे रिव्यूज मिले लेकिन बजट भी नहीं वसूल पाई. नवाजुद्दीन की फिल्म ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ भी फ्लॉप रही.

कपिल शर्मा और नीतू कपूर की कॉमेडी फिल्म ‘दादी की शादी’ का प्रमोशन तो पूरे कपूर खानदान ने किया लेकिन लोग देखने नहीं पहुंचे. आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ का बुरा हाल रहा. आरएसएस पर बनी संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’ तो एक हफ्ते में ही उतर गईं. वहीं, लक्ष्य और अनन्या पांडे की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ भी कुछ खास नहीं कर पाई. जैकी श्रॉफ की ‘द ग्रेट ग्रैंड सुपरहीरो: एलियंस का आगमन’ को भी अच्छा रिव्यू मिला लेकिन लोगों ने पसंद नहीं किया. मई में ये सारी फिल्में मिलकर करीब 139 करोड़ ही कमा पाईं.
जून में बॉलीवुड की लाज बचा पाएंगे शाहिद कपूर?
मई में तो बॉलीवुड का बंटाधार हो चुका है. अब जून में भी हालात ठीक होते नहीं दिख रहे. जून में भी साउथ की फिल्म ‘पेद्दी’ रिलीज के बाद से ही ज्यादा कमाई कर रही है.
बॉबी देओल की ‘बंदर’ फ्लॉप हो चुकी हैं. वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ भी एवरेज रही है.
कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ और मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ तो ऑडियंस के लिए तरस रही है. दिलजीत दोसांझ की ‘मैं वापस आउंगा’ को तो अच्छा रिव्यू मिले लेकिन टिकट नहीं बिक रहे.
अब सारी निगाहें शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’ पर टिकी हैं. अगर ये फिल्म नहीं चली तो फिर जून महीने भी बॉलीवुड के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं होगा.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.