मारुति सुजुकी कल यानी 5 सितंबर को अपनी प्रीमियम हैचबैक बलेनो का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। साल 2022 में आई सेकेंड जनरेशन बलेनो के बाद यह इस कार का पहला बड़ा अपडेट होगा।
बाहर से कुछ ऐसी दिखेगी कार
डिजाइन की बात करें तो नई बलेनो का फ्रंट लुक पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। इसमें नई ग्रिल दी गई है, जिसके बीच में क्रोम की एक पट्टी मिलेगी जो दोनों हेडलाइट्स को आपस में जोड़ती है। बंपर के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है और फॉग लैंप को भी नया लुक दिया गया है। हालांकि, कार की जानी-मानी बूमरैंग शेप वाली एलईडी लाइट्स पहले जैसी ही रहेंगी। साइड प्रोफाइल को नया लुक देने के लिए 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं।
केबिन में भी होंगे बड़े बदलाव
कार के केबिन यानी अंदरूनी हिस्से में भी आपको कई नए और बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। अब इसमें 10.1-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और वायरलेस फोन चार्जर मिलने की उम्मीद है। कार के प्रीमियम अहसास को बढ़ाने के लिए इसमें सिंगल-पेन सनरूफ, हवादार यानी वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और पहली बार लेवल-1 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसा खास सेफ्टी फीचर दिया जा सकता है। बाकी फीचर्स जैसे कि हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और कनेक्टेड कार टेक को मौजूदा मॉडल से ही जारी रखा जाएगा।
कुछ ऐसा होगा पावरट्रेन
पावरट्रेन के मामले में कंपनी इस बार बड़ा बदलाव करने जा रही है। नई बलेनो में नई स्विफ्ट वाला 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। यह इंजन 82bhp की पावर और 112Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी गियरबॉक्स दोनों का ऑप्शन मिलता रहेगा। इसके अलावा, बलेनो कंपनी की पहली ऐसी कार बन सकती है जिसमें सीएनजी (CNG) के साथ ऑटोमैटिक (AMT) गियरबॉक्स की सुविधा मिलेगी।
इन कारों से होगा मुकाबला
कीमत की बात करें तो नई बलेनो में इतने सारे अपडेट्स मिलने के बाद भी इसकी कीमत में बहुत मामूली बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। भारतीय मार्केट में लॉन्च होने के बाद 2026 मारुति बलेनो का सीधा मुकाबला अपने सेगमेंट की मजबूत कारों जैसे टाटा अल्ट्रोज हुंडई i20 और टोयोटा ग्लैंजा से होगा। अगर आप एक स्टाइलिश, माइलेज देने वाली और हाई-टेक फीचर्स से लैस नई फैमिली कार खरीदने का मन बना रहे हैं, तो कल का दिन आपके लिए काफी खास रहने वाला है।
30 km से ज्यादा है माइलेज
मौजूदा बलेनो में 1.2-लीटर का 4-सिलेंडर K12N डुअलजेट पेट्रोल इंजन मिलता है। यह 88.5bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क जनरेट करता है। जबकि CNG मोड में यह इंजन 77.5bhp की पावर और 98.5Nm का टॉर्क देता है। इसका पेट्रोल मॉडल करीब 23 किमी/लीटर और CNG मॉडल 30.61 किमी/किलोग्राम तक का माइलेज देता है। बलेनो लंबे टाइम से देश की बेस्ट-सेलिंग प्रीमियम हैचबैक भी है। मौजूदा बलेनो की एक्स-शोरूम कीमत 5.99 लाख से शुरू होकर टॉप-एंड वैरिएंट के लिए 9.47 लाख रुपये तक जाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
