अगर आप रोज-रोज आलू गोभी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार गोभी को थोड़ा अलग अंदाज में बनाएं। मलाई गोभी स्वाद में लाजवाब है और इसे घर पर बनाना भी काफी आसान है।
गोभी की सब्जी घर में अक्सर बनती रहती है। कभी आलू के साथ तो कभी मटर के साथ, लेकिन अगर आप इस बार गोभी को कुछ अलग तरीके से बनाना चाहते हैं, तो मलाई गोभी बनाकर देखिए। इसका स्वाद रोज वाली गोभी की सब्जी से थोड़ा अलग और ज्यादा मलाईदार होता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती। घर में रखे मसालों और कुछ आसान चीजों से आप इसे बना सकते हैं। रोटी, पराठे या चावल के साथ मलाई गोभी काफी अच्छी लगती है। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
मलाई गोभी बनाने के लिए सामग्री
एक फूलगोभी
आधा कप मलाई
एक छोटा टुकड़ा अदरक
चार से पांच लहसुन की कलियां
एक हरी मिर्च
दो चम्मच तेल
आधा चम्मच जीरा
आधा चम्मच हल्दी
एक चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच लाल मिर्च
आधा चम्मच गरम मसाला
थोड़ा नमक
आधा चम्मच कसूरी मेथी
जरूरत के हिसाब से पानी
स्टेप 1
सबसे पहले फूलगोभी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इसे पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें गोभी के टुकड़े कुछ मिनट के लिए डाल दें। अब गोभी को पानी से निकालकर अच्छी तरह छान लें। एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और इसमें गोभी डालकर हल्का भून लें।
स्टेप 2
अब कड़ाही में थोड़ा तेल डालें और उसमें जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद बारीक कटा प्याज डालें और इसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालें। कुछ देर पकाने के बाद इसमें कटे हुए टमाटर डाल दें। टमाटर के नरम होने तक इसे पकाएं। इसके बाद सभी मसाले भी डाल धएँ।
स्टेप 3
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए, तो गैस की आंच धीमी कर दें। अब इसमें मलाई डालें और इसे मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें। मलाई डालते समय आंच तेज ना रखें। धीमी आंच पर इसे लगातार चलाते रहें, ताकि मलाई अच्छी तरह मसाले में मिल जाए और नीचे चिपके नहीं। अगर मसाला बहुत गाढ़ा लग रहा है, तो इसमें थोड़ा पानी डाल सकते हैं। बहुत ज्यादा पानी ना डालें, क्योंकि मलाई गोभी की सब्जी थोड़ी गाढ़ी और मलाईदार ही अच्छी लगती है।
स्टेप 4
अब इसमें पहले से भुनी हुई गोभी डाल दें। गोभी को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मलाई वाला मसाला गोभी के हर टुकड़े पर अच्छी तरह लग जाए। अब कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर कुछ मिनट पकने दें। बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें।
स्टेप 5
जब गोभी अच्छी तरह पक जाए, तो इसमें गरम मसाला और कसूरी मेथी डालें। दोनों को अच्छी तरह मिला लें और एक-दो मिनट तक पकाएं। अब गैस बंद कर दें। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया डाल सकते हैं। इससे सब्जी का स्वाद और खुशबू दोनों अच्छे लगेंगे।
मलाई गोभी को किसके साथ खाएं?
मलाई गोभी को आप गरमा-गरम रोटी या पराठे के साथ परोस सकते हैं। अगर आपको चावल पसंद हैं, तो सादे चावल या जीरा चावल के साथ भी यह काफी अच्छी लगेगी। घर में मेहमान आने वाले हों या रोज की सब्जी से कुछ अलग बनाने का मन हो, तब भी यह रेसिपी काम आ सकती है।
…तो अगली बार गोभी खरीदें, आलू के साथ बनाने के बजाय एक बार मलाई गोभी जरूर बनाकर देखें। हो सकता है कि घर में सबकी नई पसंदीदा सब्जी यही बन जाए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.