महिंद्रा की गाड़ियां अपनी मजबूती के लिए जानी जाती रही हैं। अब महिंद्रा XUV 7XO ने भी भारत NCAP क्रैश टेस्ट में झंडे गाड़ दिए हैं। इस गाड़ी को बड़ों और बच्चों दोनों की सुरक्षा के लिए पूरे 5-स्टार रेटिंग दी गई है।
कुछ ऐसी रही एडल्ट सेफ्टी रिपोर्ट
एडल्ट की सेफ्टी रिपोर्ट देखें तो सामने से टक्कर में गाड़ी ने 16 में से 14.76 अंक बटोरे। इसमें ड्राइवर और साथी पैसेंजर के सिर, गर्दन, जांघों और पैरों को ‘गुड’ यानी बेहतरीन सुरक्षा मिली। जबकि चेस्ट और पैर के निचले हिस्से को ‘पर्याप्त’ सेफ्टी मिली। साइड से टक्कर वाले टेस्ट में XUV 7XO ने 16 में से पूरे 16 अंक झटके। यहां सिर से लेकर पेट और कमर तक हर जरूरी अंग सुरक्षित रहा। साइड पोल इंपैक्ट टेस्ट में भी गाड़ी पूरी तरह खरी उतरी और ‘OK’ टेस्ट रिजल्ट हासिल किया।
बच्चों की सेफ्टी भी शानदार
दूसरी ओर बच्चों की सुरक्षा के मामले में भी गाड़ी ने शानदार प्रदर्शन दिखाया। डायनेमिक स्कोर में इसे 24 में से 23.97 और CRS इंस्टॉलेशन में 12 में से पूरे 12 अंक मिले। टेस्ट के दौरान 18 महीने और 3 साल के बच्चों वाली डमी को पीछे की तरफ बैठाया गया था। फ्रंट क्रैश में 3 साल की डमी को पूरे 8 में से 8 और 18 महीने की डमी को 7.97 अंक मिले। जबकि साइड क्रैश में दोनों ने 4 में से 4 अंक हासिल किए। व्हीकल असेसमेंट में 4 अंक कटने से इसका कुल स्कोर 44.97 रहा। आपको बता दें कि पुराने XUV700 मॉडल को ग्लोबल NCAP से चाइल्ड सेफ्टी में 4-स्टार ही मिले थे।
ऐसे हैं डिजाइन और फीचर्स
डिजाइन की बात करें तो महिंद्रा की यह SUV रोड पर काफी बोल्ड और मस्कुलर नजर आती है। इसमें नई ग्रिल, शार्प LED हेडलैंप्स और आकर्षक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। केबिन के अंदर पैनोरमिक सनरूफ और प्रीमियम टच मिलता है। सुरक्षा के लिए गाड़ी के सभी वैरिएंट्स में 6-एयरबैग, ESC, ट्रैक्शन कंट्रोल, ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट्स, हिल-होल्ड और हिल-डिसेंट कंट्रोल जैसे स्टैंडर्ड फीचर्स मिलते हैं। वहीं, इसके टॉप वैरिएंट्स में ADAS लेवल-2, 360-डिग्री कैमरा और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसी एडवांस्ड टेक्नोलॉजी दी गई है।
दमदार है एसयूवी का पावरट्रेन
अगर पावरट्रेन की बात करें तो XUV 7XO में 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल (200bhp) और 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन (185bhp) का पावरफुल ऑप्शन मिलता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ-साथ ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का भी ऑप्शन मौजूद है। यह SUV आमतौर पर 13 से 17 किमी प्रति लीटर का माइलेज दे देती है। महिंद्रा XUV 7XO की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 13.99 लाख से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 25.79 लाख रुपये तक जाती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.